Friday, 27 November 2026
राज्य

ममता बनर्जी गुट की बड़ी कानूनी जीत: बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी को कलकत्ता हाई कोर्ट से करारा झटका, छिना नेता विपक्ष का पद

The Hindi Post

ममता बनर्जी गुट की बड़ी कानूनी जीत: बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी को कलकत्ता हाई कोर्ट से करारा झटका, छिना नेता विपक्ष का पद

 

ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) से बगावत करने वाले ऋतब्रत बनर्जी को कलकत्ता हाई कोर्ट ने बड़ा और करारा झटका दिया है। हाई कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता के रूप में उनकी नियुक्ति को रद्द कर दिया है। साथ ही, अदालत ने इस मामले में नए सिरे से फैसला लेने का आदेश दिया है। हाई कोर्ट ने शुक्रवार (27 नवंबर) को पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष के उस फैसले को रद्द कर दिया, जिसके तहत उन्होंने ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया था।

हाई कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष रथिंद्र बोस को निर्देश दिया है कि वह 10 दिनों के भीतर इस बात पर पुनर्विचार करें कि पश्चिम बंगाल में विपक्ष का नेता किसे होना चाहिए। जस्टिस कृष्ण राव ने विपक्षी दल, तृणमूल कांग्रेस (TMC) के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) के रूप में अखरुज्जमां की नियुक्ति को भी रद्द कर दिया है। अब दोनों पदों पर 10 दिनें के अंदर विधानसभा अध्यक्ष को फैसला लेना है।

हाई कोर्ट ने ये फैसला ममता बनर्जी गुट वाली TMC के नेता शोभनदेब चट्टोपाध्याय की उस अर्जी पर सुनाया है, जिसमें उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष द्वारा विपक्षी टीएमसी (डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस) गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नियुक्त करने को चुनौती दी थी। मुख्य विवाद इस पर था कि विधानसभा अध्यक्ष ने ममता गुट के नेता शोभनदेब चट्टोपाध्याय को ‘नेता प्रतिपक्ष’ बनाने के पहले से तय फैसले को मानने से इनकार कर दिया था और बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी को नेता विपक्ष नियुक्त कर दिया था।

TMC (ममता गुट) का दावा है कि शोभनदेब चट्टोपाध्याय को नेता विपक्ष बनाने का फैसला पहले ही हो चुका था। बावजूद इसके स्पीकर ने पार्टी की बात मानने से इनकार कर दिया। बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में ममता बनर्जी की TMC की करारी हार के बाद ऋतब्रत बनर्जी ने पार्टी से बगावत कर दी थी और अपना एक अलग गुट ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ बना लिया था।

याचिका के अनुसार, विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद, 6 मई 2026 को TMC मुख्यालय में एक बैठक हुई थी, जिसमें शोभनदेब चट्टोपाध्याय को ‘नेता प्रतिपक्ष’ बनाने पर मुहर लगाई गई थी। इस बैठक में ऋतब्रत बनर्जी सहित TMC के लगभग 70 नेता मौजूद थे। इसके बाद, 19 मई 2026 को TMC के सदस्यों के हस्ताक्षरों वाला एक प्रस्ताव स्पीकर को सौंपा गया, जिसमें शोभनदेब चट्टोपाध्याय को ‘नेता प्रतिपक्ष’ बनाने की पुष्टि की गई थी। साथ ही, 6 मई की बैठक में शामिल हुए सदस्यों की उपस्थिति सूची भी स्पीकर को दी गई थी।

 


The Hindi Post

संबंधित खबरें

सबसे ज़्यादा पढ़ी गई

error: Content is protected !!