प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक, लिए गया बड़ा फैसला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सेवा तीर्थ में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में सभी राज्यों में लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है. सीटों की यह संशोधित अधिकतम सीमा साल 2050 तक लागू रहेगी.
इस कदम का उद्देश्य 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों की मौजूदा अंतर-राज्यीय हिस्सेदारी को बरकरार रखते हुए परिसीमन को लेकर दक्षिणी राज्यों की प्रतिनिधित्व संबंधी चिंताओं को दूर करना है.
यह फैसला 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले लिया गया है. इस सत्र में सरकार अप्रैल में पारित न हो सके ‘संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026’ की तर्ज पर परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण कानून में बदलाव लाने की तैयारी कर रही है, ताकि लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया जा सके.
पिछले विधेयक में लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव था. संसद का यह विशेष सत्र 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक के साथ शुरू होकर 3 दिसंबर को समाप्त होने की उम्मीद है.



















