UP में बड़े पैमाने पर बदले गए पुलिस कप्तान और कमिश्नर! अयोध्या से लेकर नोएडा-गाजियाबाद तक नए चेहरों को जिम्मेदारी; देखें लिस्ट
उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है. शासन की ओर से जारी तबादला सूची में 28 आईपीएस अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है. इसमें पुलिस कमिश्नर, एडीजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है. कई जिलों के कप्तान भी बदल दिए गए हैं. मोहित अग्रवाल को वाराणसी पुलिस कमिश्नर से प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है. वहीं प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना, उत्तर प्रदेश लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है.
लक्ष्मी सिंह को गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नर से गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है. जे. रविन्दर गौड़ को गाजियाबाद से हटाकर गौतमबुद्धनगर का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है. वहीं किरण एस. को लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी से वाराणसी का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है.
एडीजी और डीआईजी स्तर पर भी बदलाव
रमित शर्मा को एडीजी बरेली जोन से एडीजी लखनऊ जोन बनाया गया है. प्रवीण कुमार को एडीजी लखनऊ जोन से एडीजी बरेली जोन भेजा गया है. डीआईजी स्तर पर भी कई अधिकारियों के तबादले हुए हैं. प्रभाकर चौधरी को अलीगढ़ परिक्षेत्र से लखनऊ परिक्षेत्र, अभिषेक सिंह को सहारनपुर से आगरा परिक्षेत्र और शैलेश कुमार पांडेय को आगरा से अलीगढ़ परिक्षेत्र भेजा गया है. आशीष तिवारी को तकनीकी सेवाओं से सहारनपुर परिक्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है.
अयोध्या और मुरादाबाद के SSP बदले
जिलों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. डॉ. गौरव ग्रोवर को अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया है. वहीं मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
आकाश तोमर को 8वीं वाहिनी पीएसी बरेली के सेनानायक पद से हटाकर डॉ. बीआर आंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद का एसपी बनाया गया है. अमित कुमार को 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद से ईओडब्ल्यू लखनऊ में एसपी बनाया गया है. नरेंद्र कुमार सिंह को पीटीसी सीतापुर, डॉ. अनिल कुमार पांडेय को कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं लखनऊ और त्रिभुवन सिंह को जीआरपी मुख्यालय लखनऊ में एसपी बनाया गया है.
सुशील कुमार शुक्ला को पीटीएस गोरखपुर का एसपी बनाया गया है. अजीत कुमार सिन्हा को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, लखनऊ में एसपी की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा दिनेश त्रिपाठी को कानपुर नगर से प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी बनाया गया है. कुलदीप सिंह गुनावत को प्रयागराज से कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी और प्रीति यादव को गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट से 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा का सेनानायक बनाया गया है.
तीन अधिकारियों का तबादला निरस्त
पुनीत द्विवेदी का लखनऊ से अपर पुलिस उपायुक्त गाजियाबाद, नीतू का वाराणसी से गौतमबुद्धनगर और अमित कुमावत का लखनऊ से गाजियाबाद किए गए तबादले को निरस्त किया गया है.



















