परिसीमन बिल की चर्चा तेज! संसद सत्र से पहले शरद पवार की पार्टी ने सभी सांसदों को जारी किया व्हिप
नई दिल्ली | राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी एनसीपी-एसपी ने शुक्रवार को ‘व्हिप’ जारी कर अपने सभी लोकसभा सांसदों को 30 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया है.
शिरूर से सांसद व मुख्य सचेतक डॉ. अमोल रामसिंह कोल्हे द्वारा जारी इस नोटिस को “अति महत्वपूर्ण” बताया गया है.
इस व्हिप को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के उस ऐलान के बाद जारी किया गया है जिसमें उन्होंने आवश्यक सरकारी कामकाज के लिए लोकसभा को 30 नवंबर और राज्यसभा को 2 दिसंबर से फिर बुलाने का अनुरोध किया था.
लोकसभा सचिवालय के अनुसार, 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुए मानसून सत्र का यह विस्तार 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है.
परिसीमन से जुड़े संभावित विधेयक या संविधान संशोधन को लेकर जारी राजनीतिक अटकलों के बीच कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल भी अपने सांसदों को बुला रहे हैं. लोकसभा में आठ सांसदों वाली एनसीपी-एसपी ने अप्रैल में ऐसे संशोधन का विरोध किया था लेकिन अब पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष व बारामती सांसद सुप्रिया सुले ने सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में एकसमान 50 प्रतिशत वृद्धि के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पिछले प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति जताई है. हालांकि, उन्होंने शर्त रखी है कि महिला आरक्षण लागू किए बिना परिसीमन पारित नहीं होना चाहिए.
आईएएनएस/हिंदी पोस्ट डॉट इन



















