Thursday, 26 November 2026
राज्य

“मेरा दिल चाहता है कि अखिलेश भी 6 महीने जेल में रहे”, ऐसा क्यों बोले आजम खान ?

The Hindi Post

“मेरा दिल चाहता है कि अखिलेश भी 6 महीने जेल में रहे”, ऐसा क्यों बोले आजम खान ?

समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र कार्यक्रम में आजम खान ने जेल के दिनों का एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसमें उनके बेटे अब्दुल्ला से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव का जिक्र आया. कार्यक्रम में अखिलेश यादव भी मौजूद थे. इस किस्से के अलावा आजम खान ने जेल में बिताए अपने वक्त, परिवार को हुई परेशानियों और जेल से बाहर आने के बाद हुई ईडी की कार्रवाई से जुड़े अनुभव भी साझा किए.
लखनऊ में गुरुवार, 26 नवंबर को हुए कार्यक्रम में आजम खान ने बताया कि जेल में रहते हुए वह अपने बेटे अब्दुल्ला से बातचीत किया करते थे. इसी दौरान एक बार उन्होंने बेटे से कहा था, “यार दिल चाहता है कि 6 महीने के लिए अखिलेश भी जेल में आ जाते.”
बेटे के साथ जेल में बिताए वक्त को याद किया

आजम खान ने कहा कि जेल में अकेले रहना उतना मुश्किल नहीं है, जितना एक बेगुनाह बेटे को उसके पिता के साथ कैद में डाल देना. उन्होंने इसे बड़ी सजा बताते हुए कहा कि ऐसा जुल्म अंग्रेजों ने भी नहीं किया था. भगत सिंह के साथ भी ऐसा अत्याचार नहीं हुआ.
आजम खान ने अपने बेटे के साथ जेल में बिताए इस दौर को याद करते हुए कहा कि वह बहुत सख्त जान साबित हुए हैं. उन्होंने कहा, “हम मरेंगे तो, लेकिन कुछ करके ही मरेंगे.”

आजम खान ने अपनी पत्नी की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए कहा, “मेरी पत्नी को घसीट कर ले गए.” उन्होंने बताया कि जेल से बाहर निकलने के महज 15 मिनट बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था. इस घटना को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उस वक्त उन्हें लगता था कि उनका दिल क्यों नहीं फट गया, उनका जिगर क्यों नहीं फट गया. उन्होंने जेल बदलने के आदेश का भी जिक्र किया. आजम खान के मुताबिक, एक बार रात साढ़े तीन बजे जेल बदलने का आदेश आया था.
इस दौरान, आजम खान ने रामपुर में निकले जुलूसों का जिक्र करते हुए बताया कि रौनक भाई कुरैशी का जुलूस घोड़े और खच्चर पर निकला था. उन्होंने एक दूसरे जुलूस का भी जिक्र किया और कहा कि बाद में उन्हें पता चला कि अहमद भाई ने यह जुलूस इसलिए निकाला था, क्योंकि वह उनके खिलाफ खड़े हुए थे.

इस दौरान आजम खान ने कार्यक्रम में उस शहर का भी जिक्र किया, जहां लोग बैठकर बातचीत कर रहे थे. उन्होंने कहा कि मंच पर बैठे लोग, पत्रकार साथी जानते होंगे कि जब नेताजी मुख्यमंत्री थे, उसी समय इस शहर को बसाने का काम हुआ था. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी परिवार में उन्होंने अपने जीवन के 50 साल बिताए हैं. भाषण के दौरान उन्होंने गजल भी सुनाई. आजम खान ने खुद को “एक आधा जिंदा आदमी” बताते हुए कहा कि जेल की तन्हाई ने उनके दिल और दिमाग पर गहरा असर डाला है.

कार्यक्रम में आजम खान ने मंच पर बैठे वरिष्ठ नेताओं, पत्रकारों और पैनलिस्टों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने जब भी घोषणापत्र बनाया, उसे लागू किया है. अगर उस समय की परिस्थितियों के हिसाब से किसी नई चीज की जरूरत पड़ी, तो पार्टी ने उसे घोषणापत्र में शामिल किया और पूरा भी किया.


The Hindi Post

संबंधित खबरें

सबसे ज़्यादा पढ़ी गई

error: Content is protected !!