Thursday, 26 November 2026
राज्य

यूपी चुनाव 2027 : अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी का मैनिफेस्टो जारी किया

The Hindi Post

यूपी चुनाव 2027 : अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी का मैनिफेस्टो जारी किया

 

लखनऊ | उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के मौके पर पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र जारी कर भाजपा के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई का एजेंडा सामने रखा. उन्होंने संविधान, आरक्षण, सामाजिक न्याय और समानता को अपनी राजनीति का प्रमुख आधार बताते हुए आरोप लगाया कि कुछ ताकतें समीक्षा और पुनर्विचार के नाम पर संविधान की मूल भावना को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं. अखिलेश यादव ने स्पष्ट कहा कि देश संविधान से चलेगा, किसी के मन-विधान से नहीं.

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान केवल शासन चलाने का दस्तावेज नहीं, बल्कि शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों की सबसे बड़ी सुरक्षा है. कुछ प्रभुत्ववादी और स्वार्थी लोग अपनी परंपरागत सत्ता बनाए रखने के लिए संविधान बदलने की बात कर रहे हैं. ऐसे समय में संविधान में विश्वास रखने वाले सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि वे एकजुट होकर ऐसी कोशिशों का विरोध करें.

उन्होंने कहा कि आज देश में संविधान को लेकर वैचारिक और राजनीतिक संघर्ष चल रहा है. एक तरफ वे ताकतें हैं, जो सत्ता हासिल करने और उसे बनाए रखने के लिए संविधान का इस्तेमाल अपने हित में करना चाहती हैं, जबकि समाजवादी पार्टी संविधान के जरिए भेदभाव समाप्त करने, आरक्षण की रक्षा करने और सामाजिक समानता स्थापित करने की पक्षधर है.

अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, “अच्छे दिन आने वाले हैं और बुरे दिन जाने वाले हैं. वे जानते हैं कि अब जा रहे हैं, इसलिए उनकी भाषा बदल गई है.” उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और आने वाले समय में इसका असर दिखाई देगा. सपा प्रमुख ने घोषणा पत्र को लेकर कहा कि पार्टी ने हमेशा अपने चुनावी वादों को पूरा करने का प्रयास किया है. पूर्व मंत्री आजम खान की ओर से घोषणा पत्र में किए गए वादों को लागू करने की बात उठाए जाने पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि सपा ने जब भी अपना घोषणा पत्र तैयार किया, उसे लागू किया है. यदि सरकार चलाने के दौरान कोई नई परिस्थिति या जरूरत सामने आई तो उसे भी अपने एजेंडे में शामिल कर पूरा किया गया.

उन्होंने कहा कि पार्टी महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी करेगी. आधी आबादी की जरूरतों, अधिकारों और आर्थिक-सामाजिक भागीदारी को ध्यान में रखते हुए अलग एजेंडा तैयार किया जा रहा है. पार्टी का मानना है कि महिलाओं के सवालों को सामान्य चुनावी वादों तक सीमित नहीं रखा जा सकता. इस मौके पर उन्होंने लखनऊ में सपा सरकार के कार्यकाल में शुरू और विकसित की गई परियोजनाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि मेदांता अस्पताल और स्टेडियम जैसी परियोजनाएं पार्टी के मूल घोषणा पत्र का हिस्सा नहीं थीं, लेकिन सरकार बनने के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं और निवेश को बढ़ावा देने के लिए इन पर काम किया गया.

अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ में बना स्टेडियम केवल क्रिकेट के लिए नहीं, बल्कि देश के बेहतरीन खेल केंद्रों में शामिल होने की क्षमता रखता है. सपा सरकार ने बैंक और उसके आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए भी काम किया था. उन्होंने कहा कि लखनऊ में योजनाबद्ध शहरी विकास की शुरुआत मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते हुई थी. आज इस प्रयास का परिणाम दिखाई दे रहा है. उन्होंने दावा किया कि लखनऊ के इस हिस्से में योजनाबद्ध विकास के साथ बड़े पैमाने पर निवेश आया है.

उन्होंने आईटी क्षेत्र में हुए विकास का जिक्र करते हुए कहा कि एक बार हैदराबाद, बेंगलुरु और चेन्नई से आए युवाओं ने उनसे लखनऊ में आईटी सिटी विकसित करने की मांग की थी. युवाओं का कहना था कि रोजगार के लिए उन्हें दूसरे शहरों में जाना पड़ता है और परिवार से दूर रहना पड़ता है. इसके बाद सपा सरकार ने निवेश की संभावनाओं पर काम किया और शिव नादर को बुलाकर बातचीत की. आज लखनऊ में आईटी क्षेत्र की कई कंपनियां काम कर रही हैं.

उन्होंने कहा कि लुलु मॉल और हाई कोर्ट की शानदार इमारत भी सपा सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों के उदाहरण हैं. इन परियोजनाओं के जरिए प्रदेश में निवेश, रोजगार और आधुनिक बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने की कोशिश की गई.

कार्यक्रम में आजम खान ने भी अपने संबोधन में जेल में बिताए दिनों और परिवार को हुई परेशानियों का जिक्र किया. उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि उनका दिल चाहता है कि अखिलेश यादव भी छह महीने जेल में रहें, ताकि उन्हें पता चले कि वहां दिन कैसे गुजरते हैं और रातें कैसे कटती हैं.

आजम खान ने कहा कि जेल में बिताए समय ने उनके जीवन और सोच को प्रभावित किया है. सपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र को ‘जन-मन घोषणा पत्र’ और ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया है. पार्टी इसे 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपने राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक दृष्टिकोण के दस्तावेज के रूप में पेश कर रही है.

IANS

सपा का घोषणा पत्र जारी, अखिलेश यादव बोले- अच्छे दिन आने वाले हैं, बुरे दिन जाने वाले हैं

 


The Hindi Post

संबंधित खबरें

सबसे ज़्यादा पढ़ी गई

error: Content is protected !!