भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित कार हाईवे पर पोल से टकराई, छह लोग जिंदा जले

car hits pole and catches fire IANS (1)

(फोटो: आईएएनएस)

The Hindi Post

भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित कार हाईवे पर पोल से टकराई, छह लोग जिंदा जले

 

मुजफ्फरनगर | उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जागाहेड़ी के निकट एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे लगे लाइट पोल से टकरा गई. टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह एक कार पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रही थी. इसी दौरान जागाहेड़ी के निकट अचानक कार अनियंत्रित हो गई और हाईवे पर लगे लाइट पोल से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया. कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका और सभी छह लोग आग में जिंदा जल गए.

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए कार में मौजूद सभी छह लोगों के शवों को बाहर निकलवाया. इसके बाद शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग हरियाणा के जींद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं. मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है जिसकी उम्र लगभग 10 से 12 वर्ष बताई जा रही है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं. इसके लिए संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया भी की जा रही है.

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कार अनियंत्रित कैसे हुई और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई. इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है. एक ही कार में सवार छह लोगों की मौत से हर कोई स्तब्ध है.

By IANS

मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित कार हाईवे पर पोल से टकराई, छह लोग जिंदा जले

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!