हजारों फीट की ऊंचाई पर खटमलों का आतंक: फ्लाइट में यात्रियों को काटकर किया परेशान, मचा हड़कंप

Aeroplane ChatGPT Image Nov 29, 2025, 04_20_00 PM (1)

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)

The Hindi Post

हजारों फीट की ऊंचाई पर खटमलों का आतंक: फ्लाइट में यात्रियों को काटकर किया परेशान, मचा हड़कंप

 

ऑस्ट्रेलिया | ऑस्ट्रेलिया की विमानन कंपनी क्वांटस को अपने एक बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान को रोम में अस्थायी रूप से सेवा से बाहर करना पड़ा. इसका कारण वो खटमल थे जिन्होंने यात्रियों को परेशान कर दिया था. विमान की विशेष सफाई कराई गई है. इस वजह से रोम से ऑस्ट्रेलिया के पर्थ जाने वाली फ्लाइट रद्द करनी पड़ी. साथ ही यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों से भेजने की व्यवस्था करनी पड़ी.

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 9 अक्टूबर को पर्थ से रोम जा रही क्वांटस की उड़ान क्यूएफ5 के इकोनॉमी क्लास के आगे वाले हिस्से में ‘बेडबग’ यानी खटमल पाए गए. ये छोटे परजीवी कीड़े इंसानों समेत कुछ स्तनधारियों का खून चूसते हैं. इन्हें पूरी तरह खत्म करना मुश्किल होता है, क्योंकि ये सीटों, कपड़ों और दूसरी जगहों में छिप सकते हैं. यात्री इससे काफी परेशान हो गए थे.

यही वजह है कि विमान के रोम पहुंचने के बाद उसे साफ -सफाई के लिए सेवा से हटाना पड़ा. इसके चलते 10 अक्टूबर को रोम से पर्थ जाने वाली वापसी उड़ान रद्द कर दी गई थी. कंपनी ने एक बयान जारी कर अपना पक्ष रखा है. कंपनी ने बताया कि इकोनॉमी क्लास की कुछ सीटों पर समस्या सामने आने के बाद इंजीनियरों और रखरखाव दल ने विमान की गहन सफाई की. कंपनी ने उड़ान रद्द होने से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी भी मांगी है.

क्वांटस के मुताबिक, प्रभावित यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की गई और उन्हें उनकी निर्धारित उड़ान के समय से 48 घंटे के भीतर दूसरी उड़ानों में बैठाकर उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया.

कंपनी ने कहा कि उसके विमानों के केबिन की नियमित रूप से सफाई की जाती है और उन्हें उच्च मानकों के अनुरूप स्वच्छ रखा जाता है. एहतियाती उपाय के तौर पर हर 50 दिन में विमानों में कीटाणुनाशक का इस्तेमाल भी किया जाता है.

कहा जा रहा है कि खटमल किसी यात्री के सामान या कपड़ों के जरिए विमान में पहुंचे होंगे. ये कीड़े अंधेरी जगहों में छिपना पसंद करते हैं और कपड़ों की गंध से आकर्षित होकर सामान में पहुंच सकते हैं. होटल या अन्य यात्रा स्थलों से भी इनके फैलने की आशंका रहती है.

खटमल आमतौर पर खतरनाक नहीं होते, लेकिन इनके काटने से खुजली और त्वचा में जलन हो सकती है. इन्हें खत्म करना कठिन है, क्योंकि ये बिस्तर की चादरों, सीटों की दरारों और अन्य छिपी हुई जगहों में लंबे समय तक रह सकते हैं. भोजन के बिना भी ये काफी समय तक जीवित रहते है.

खटमलों की समस्या केवल किसी एक आर्थिक वर्ग तक सीमित नहीं है. अक्सर यात्रा करने वाले लोग अनजाने में इन्हें एक जगह से दूसरी जगह पहुंचा सकते हैं. वहीं, सीमित आर्थिक संसाधनों वाले परिवारों के लिए कीटनाशक और अन्य प्रभावी उपायों का खर्च उठाना अधिक मुश्किल हो सकता है.

खटमल छोटे, बिना पंख वाले परजीवी होते हैं जो कपड़ों, फर्नीचर और बिस्तर में रह सकते हैं. इनके काटने से खुजली हो सकती है लेकिन आमतौर पर इनसे सेहत से जुड़ी कोई गंभीर समस्या नहीं होती.

BY IANS

फ्लाइट में खटमलों का आतंक, ऑस्ट्रेलियाई कंपनी क्वांटस ने विमान को किया ग्राउंड

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!