UAE ने फ्लाईदुबई घटना को बताया आतंकी हमला, साथ ही किया ये खुलासा
UAE ने फ्लाईदुबई घटना को बताया आतंकी हमला, साथ ही किया ये खुलासा
अबू धाबी | शनिवार को सामने आई रिपोर्टों के अनुसार, दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के सह-पायलट हम्माम अल-हमामी ने उड़ान के दौरान भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर क्रैश कुल्हाड़ी (क्रैश एक्स) से हमला किया था. संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अभियोजकों ने आधिकारिक तौर पर इस घटना की पुष्टि एक “आतंकवादी हमले” के रूप में की है.
यूएई अभियोजकों ने कहा कि अल-हमामी ने कॉकपिट के भीतर कैप्टन मच्छार पर हमला करने के बाद विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की थी.
न्यूज एजेंसी ‘डब्ल्यूएएम’ (WAM) के मुताबिक, अटॉर्नी जनरल अल-शम्सी ने कहा, “को-पायलट ने फ्लाइट के दौरान ही अपने प्लान को एग्जीक्यूट करना शुरू कर दिया था. उसने फ्लाइट डेक के अंदर क्रैश एक्स से कैप्टन पर अटैक किया और प्लेन का कंट्रोल अपने हाथ में लेने की कोशिश की.”
इस पुष्टि से फ्लाईदुबई विमान की घटना को लेकर और भी अहम जानकारियां सामने आई हैं.
इस इमरजेंसी के दौरान हालात को बेकाबू होने से रोकने और सूझबूझ दिखाने के लिए भारतीय पायलट को रियल (असली) ‘हीरो’ बताया जा रहा है.
अंतरराष्ट्रीय विमानन नियमों के तहत प्रत्येक वाणिज्यिक यात्री विमान में क्रैश एक्स (कुल्हाड़ी) रखना अनिवार्य है. यह उपकरण कॉकपिट में रखा जाता है और विमान दुर्घटना या आपातकालीन परिस्थितियों में उड़ान दल के उपयोग के लिए होता है.
पूर्व में वाणिज्यिक विमानों में यह कुल्हाड़ी मुख्य यात्री केबिन में रखी जाती थी. हालांकि, 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में हुए आतंकी हमलों के बाद बढ़ी विमानन सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए इसका स्थान बदलकर कॉकपिट कर दिया गया.
अधिकारी अब आरोपी सह-पायलट की पृष्ठभूमि की गहन जांच कर रहे हैं.
By IANS
