इस बल्लेबाज ने मचाई तबाही, 6 गेंदों में मारे 6 छक्के, 37 गेंदों में ठोक डाले 86 रन
Photo: Instagram: toby_albert
इस बल्लेबाज ने मचाई तबाही, 6 गेंदों में मारे 6 छक्के, 37 गेंदों में ठोक डाले 86 रन
इंग्लैंड में आयोजित मेट्रो बैंक वनडे कप में हैम्पशायर के बल्लेबाज टोबी अल्बर्ट ने अपनी आक्रामक और तूफानी बल्लेबाजी से जबरदस्त तहलका मचाया है. ससेक्स के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में अल्बर्ट ने लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़कर एक दुर्लभ और अनोखा कारनामा अपने नाम किया.
दो अलग-अलग ओवरों में पूरा किया 6 छक्कों का करिश्मा
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हर्षल गिब्स और युवराज सिंह जैसे दिग्गजों ने एक ही ओवर में 6 छक्के लगाने का कीर्तिमान स्थापित किया था. हालांकि, टोबी अल्बर्ट ने इसे एक अलग अंदाज में अंजाम दिया. उन्होंने नान्टेस ओस्टहुइज़ेन के ओवर की अंतिम दो गेंदों पर लगातार दो गगनचुंबी छक्के जड़े. इसके बाद अगले ओवर में जैसे ही उन्हें ओली किर्टले की तीसरी गेंद पर स्ट्राइक मिली, उन्होंने अगली चारों गेंदों को बाउंड्री के पार भेज दिया. इस तरह भले ही ओवर अलग-अलग थे, लेकिन लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाकर उन्होंने दर्शकों को रोमांचित कर दिया.
View this post on Instagram
37 गेंदों में कूटे नाबाद 86 रन
21 रन के निजी स्कोर पर मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए अल्बर्ट ने महज 37 गेंदों में 86 रनों की विस्फोटक पारी खेली जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल रहे. उनकी इस पारी के साथ-साथ सलामी बल्लेबाज अली ओर (105) और 18 वर्षीय बेन मेस (109) के शानदार शतकों की बदौलत हैम्पशायर ने 50 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 383 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया.
332 रनों पर सिमटी ससेक्स, हैम्पशायर की 51 रनों से जीत
384 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी ससेक्स की टीम के लिए चार्ली टीयर ने 94 गेंदों में 111 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि जैक लीनिंग (92 रन) और दान इब्राहिम (55 रन) ने भी जुझारू प्रयास किया. हालांकि, विशाल लक्ष्य के दबाव के कारण ससेक्स की पूरी टीम 332 रनों पर सिमट गई और हैम्पशायर ने यह मुकाबला 51 रनों से जीत लिया.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
