स्कूल से लौट रहे 3 बच्चे खुले नाले में जा गिरे, पता ही नहीं चल रहा था कहां सड़क खत्म और कहा नाला शुरू, पूरी घटना CCTV में कैद
वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब (सोशल मीडिया)
स्कूल से लौट रहे 3 बच्चे खुले नाले में जा गिरे, पता ही नहीं चल रहा था कहां सड़क खत्म और कहा नाला शुरू, पूरी घटना CCTV में कैद
राजधानी दिल्ली से बड़ी खबर सामने आई है. वजीराबाद थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में स्कूल से घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे सड़क किनारे स्थित खुले नाले में अचानक गिर गए. गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद लोगों और एक साहसी ऑटो चालक की सतर्कता से तीनों बच्चों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली में हुई बारिश के कारण जगतपुर के इंटीग्रेटेड एंट्री गेट के पास भारी जलभराव हो गया था. सड़क और खुला नाला दोनों पानी में पूरी तरह डूब चुके थे जिससे सड़क और नाले के बीच का अंतर कर पाना मुश्किल हो गया था.
दिल्ली के जगतपुर एरिया में 3 स्कूली बच्चे नाले में गिर गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचा लिया। बारिश का पानी सड़क पर इकट्ठा था। नाले भी ऑफरफ्लो हो गए थे। इसलिए सड़क और नाले का कुछ पता नहीं चला। pic.twitter.com/40QWCntZw1
— Sachin Gupta (@Sachingupta) August 6, 2026
छुट्टी के बाद पैदल घर लौट रहे स्कूली बच्चों को पानी से भरे नाले का अंदाजा नहीं हुआ और वे एक-एक करके उसमें समा गए. घटना के वक्त सड़क पर ट्रैफिक जाम था. लोग रुके हुए थे. सभी सक्रिय हो गए. बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद एक ऑटो चालक ने बिना अपनी जान की परवाह किए तुरंत नाले में छलांग लगा दी. आसपास के अन्य लोगों ने भी फुर्ती दिखाई और सभी ने मिलकर चंद मिनटों में तीनों बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया. बच्चो की जान बच गई तो लोगों ने रहत की सांस ली. कुछ पल के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया था.
यह घटना एक बार फिर मानसून से पहले ड्रेनेज सिस्टम और नालों को ढकने के प्रशासनिक दावों पर गंभीर सवाल उठाती है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि जलभराव के दौरान खुले नाले जानलेवा साबित होते हैं खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए. हालांकि इस हादसे में किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई लेकिन यह घटना जलभराव की समस्या और खुले नालों को ढकने की दिशा में ठोस कदम उठाने की सख्त जरूरत को रेखांकित करती है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
