रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की मौत पर खान सर का बड़ा बयान, क्या कहा ?

KHAN SIR

वीडियो से लिया गया स्क्रीन ग्रैब

The Hindi Post

रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की मौत पर खान सर का बड़ा बयान, क्या कहा ?

 

‘ज्ञान बिंदु एकेडमी’ के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में हुई संदेहास्पद मौत के बाद पटना का कोचिंग विवाद बेहद संवेदनशील मोड़ पर पहुंच गया है. एक तरफ जहां पीड़ित परिवार इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ उनके प्रतिद्वंद्वी और देश के मशहूर शिक्षक फैसल खान (खान सर) ने एक वीडियो संदेश जारी कर इस घटना पर गहरा दुख जताया है. खान सर ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए अंदेशा जताया है कि कोई ‘तीसरा पक्ष’ दोनों संस्थानों के विवाद का गलत फायदा उठा रहा है.
आइए जानते हैं खान सर ने अपने वीडियो संदेश में क्या कहा –

शुरुआत में खबर पर भरोसा ही नहीं हुआ

वीडियो संदेश में खान सर ने बेहद भावुक और भारी मन से अपनी बात शुरू की. उन्होंने कहा, “आज मैं बहुत भारी मन से आप सभी से बात कर रहा हूं. एक बेहद दुखद खबर ने हम सभी को भीतर तक झकझोर कर रख दिया है. अचानक मुझे कुछ लोगों के फोन आने लगे कि रौशन सर के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है. शुरुआत में तो मुझे इस खबर पर बिल्कुल विश्वास ही नहीं हुआ. मुझे लगा कि शायद यह कोई गलत या अधूरी सूचना होगी क्योंकि आजकल सोशल मीडिया के दौर में कई बार अपुष्ट जानकारियां भी फैल जाती हैं. इसलिए मैंने पहले इसे गंभीरता से नहीं लिया.”

खबरें देखकर पैरों तले जमीन खिसक गई

खान सर ने आगे कहा, “लेकिन धीरे-धीरे लोगों ने मुझे समाचारों के लिंक और स्क्रीनशॉट भेजने शुरू किए. जब मैंने खबरें खुद देखीं और पूरी घटना के बारे में जाना तो सच कहूं मेरे पैरों तले जमीन खिसक गई. मुझे समझ ही नहीं आया कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है. यह घटना रौशन सर के पूरे परिवार के लिए असहनीय पीड़ा लेकर आई है. भगवान इस अत्यंत दुख की घड़ी में उनके परिवार को शक्ति और धैर्य प्रदान करें.”

उन्होंने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “किसी भी परिवार के लिए अपने प्रिय सदस्य को इस तरह अचानक खो देना सबसे बड़ा दुख होता है. ऐसी खबर सुनते ही दिल बैठ जाता है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि किसी भी परिवार के साथ ऐसी अनहोनी कभी न हो. इस कठिन समय में मेरी पूरी संवेदना प्रिंस यादव के परिवार के साथ है. फिलहाल उनका परिवार जिस मानसिक स्थिति से गुजर रहा होगा, उसे हम सभी समझ सकते हैं. संभव है कि वे अभी किसी से बात करने की स्थिति में भी न हों, लेकिन हमसे जो भी सहायता संभव होगी, हम हर तरह से उनके साथ खड़े रहेंगे.”

मीडिया से अफवाह न फैलाने की अपील

खान सर ने मीडिया घरानों से भी इस बेहद संवेदनशील मामले पर जिम्मेदारी से रिपोर्टिंग करने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा, “मैं मीडिया से भी विनम्र अनुरोध करना चाहता हूं कि इस मामले में केवल प्रमाणित और आधिकारिक जानकारियां ही प्रसारित की जाएं. सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों, अटकलों और अपुष्ट खबरों से बचना बेहद जरूरी है. अलग-अलग मीडिया संस्थानों द्वारा अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है. इसलिए यह आवश्यक है कि संबंधित पुलिस और जांच एजेंसियां जल्द से जल्द आधिकारिक बयान जारी करें और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को सार्वजनिक करें, ताकि सच सबके सामने आ सके.”

“किसी तीसरे की भूमिका की हो निष्पक्ष जांच”

जांच के पहलुओं पर बात करते हुए खान सर ने एक बड़ी साजिश की आशंका जताई. उन्होंने कहा, “इस पूरे मामले में कई ऐसे गंभीर प्रश्न हैं जिनके उत्तर अभी तक नहीं मिले हैं. यदि इस घटना में किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका है या किसी गहरी साजिश की आशंका है तो उसकी भी निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए. किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए. इस मामले में कोई तीसरा शामिल हो सकता है जो हम दोनों के कोचिंग विवाद का फायदा उठा रहा हो. अगर जांच में किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.”

उन्होंने आगे कहा, “मीडिया रिपोर्टों में यह भी बताया जा रहा है कि नेपाल पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है. यदि ऐसा है, तो जांच एजेंसियों को पूरे मामले की पारदर्शी जांच करनी चाहिए, ताकि सच सामने आ सके और किसी निर्दोष को बेवजह परेशानी न हो, जबकि असली दोषियों को कानून के दायरे में लाकर सजा दी जा सके.”

शब्द कम पड़ रहे हैं…

अपने संदेश के अंत में खान सर ने कहा, “आज इस दुखद घटना पर बोलते हुए शब्द भी कम पड़ रहे हैं. कई बार परिस्थितियां इंसान को ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा कर देती हैं जहां समझ नहीं आता कि क्या कहा जाए और क्या किया जाए. समय का यह कठिन दौर पूरे परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक है. मैं दिवंगत प्रिंस यादव को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें. साथ ही उनके परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें. मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्च स्तरीय जांच हो, ताकि सच्चाई सामने आए और न्याय सुनिश्चित हो सके. ॐ शांति!”

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!