राज्यसभा चुनाव के नतीजे आए सामने, जानिए कितनी सीटें जीती भाजपा और कांग्रेस ?

MP RAJAY SABHA ELECTION

निर्वाचित प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र सौंपते रिटर्निंग ऑफिसर / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

राज्यसभा चुनाव के नतीजे आए सामने, जानिए कितनी सीटें जीती भाजपा और कांग्रेस ?

 

भोपाल | मध्य प्रदेश में हुए राज्यसभा चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं. तीनों ही सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. राज्यसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा के बाद निर्वाचित प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र भी सौंप दिए गए हैं.

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव हुए. इस चुनाव में चार उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरा था, मगर कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त कर दिया गया. इसके बाद भाजपा के तीनों उम्मीदवार तरुण चुघ, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया. तीनों ही निर्वाचित उम्मीदवारों को निर्वाचन अधिकारी ने प्रमाण पत्र भी सौंप दिए हैं.

राज्य में घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 18 जून को मतदान होना था. मगर, नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी में भाजपा के तीनों उम्मीदवार के नामांकन पत्र वैध पाए गए थे, वहीं कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त कर दिया गया.

इसके चलते मतदान की जरूरत ही नहीं पड़ी क्योंकि तीन सीटों के लिए तीन उम्मीदवार ही मैदान में थे. इसको देखते हुए निर्वाचन पदाधिकारी ने तीनों उम्मीदवारों को निर्वाचित घोषित कर दिया और प्रमाण पत्र भी सौंप दिए हैं.

दूसरी तरफ, मध्य प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र को रद्द किए जाने के मामले में दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 12 जून को सुनवाई करेगा. इस मामले में शीर्ष अदालत ने जल्द सुनवाई का आश्वासन दिया है.

राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के खिलाफ कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. भाजपा की आपत्तियों के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने नटराजन का नामांकन पत्र खारिज कर दिया था. आरोप है कि उन्होंने अपने नामांकन पत्र के साथ दाखिल हलफनामे में तेलंगाना में लंबित एक कानूनी मामले की जानकारी नहीं दी थी.

आईएएनएस

मध्य प्रदेश में राज्यसभा के लिए भाजपा के तीनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!