6 साल की मासूम की खौफनाक हत्या: रिश्तों में ‘रोड़ा’ बनी बेटी तो कलयुगी मां और प्रेमी ने मिलकर ले ली जान, 12 घंटे शव लेकर कार में घूमते रहे
प्रतीकात्मक फोटो
6 साल की मासूम की खौफनाक हत्या: रिश्तों में ‘रोड़ा’ बनी बेटी तो कलयुगी मां और प्रेमी ने मिलकर ले ली जान, 12 घंटे शव लेकर कार में घूमते रहे
बेंगलुरु | बेंगलुरु के कडुगोडी इलाके में छह वर्षीय बच्ची वेन्निला की रहस्यमय मौत के करीब तीन महीने बाद पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. जांच के आधार पर पुलिस ने बच्ची की मां और उसके लिव-इन पार्टनर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है.
पुलिस के अनुसार, वेन्निला की हत्या उसकी मां प्रियंका पी. और उसके प्रेमी मोहन जे. महानिंगप्पा ने की थी. जांच में सामने आया है कि दोनों को लगता था कि बच्ची उनके रिश्ते और निजी जीवन में बाधा बन रही थी.
यह घटना 25 मार्च को कडुगोडी थाना क्षेत्र के सीगेहल्ली से सामने आई थी. पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी लेकिन बच्ची के पिता प्रवीण बसप्पा द्वारा जताए गए संदेह के बाद मामले की गहन जांच की गई.
पुलिस जांच में दावा किया गया है कि एक दिन वेन्निला ने अलग फ्लेवर की आइसक्रीम मांगी थी, जिस पर मोहन ने उसके पेट में घूंसा मार दिया था. दर्द के कारण बच्ची जोर-जोर से रोने लगी थी. आरोप है कि इसके बाद मोहन ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी.
जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद प्रियंका और मोहन करीब 12 घंटे तक बच्ची के शव के साथ रहे और कार से शहर भर में घूमते रहे. इसके बाद उन्होंने बच्ची की मौत की जानकारी पुलिस को दी थी.
प्रवीण बसप्पा ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी और प्रियंका की शादी 2007 में हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं. आरोप है कि प्रियंका ने 2025 के अंत में अपने कॉलेज मित्र मोहन से दोबारा संपर्क किया था और बाद में तलाक की प्रक्रिया के दौरान उसके साथ बेंगलुरु में रहने लगी थी.

जहां बड़ी बेटी प्रवीण के साथ दावणगेरे में रह रही थी, वहीं वेन्निला अपनी मां (प्रियंका) के साथ रहती थी. पुलिस के अनुसार, मोहन ने भी अपनी पत्नी और बच्चों को छोड़ दिया था और उसने वह विला खरीद लिया था जहां प्रियंका और वेन्निला रह रही थीं.
जांचकर्ताओं का मानना है कि वेन्निला के साथ अक्सर दुर्व्यवहार किया जाता था क्योंकि मोहन उसे अपने और प्रियंका के रिश्ते में रुकावट मानता था. दोनों आरोपियों पर बच्ची के साथ कई बार बुरा व्यवहार करने का आरोप हैं.
प्रवीण ने बताया कि 25 मार्च को उसे प्रियंका के भाई से बेटी की मौत की सूचना मिली थी. जब उसने इस बारे में प्रियंका से पूछा तो वह बार-बार अपनी बात बदलने लगी. कभी उसने कहा कि बच्ची ने रात में बिरयानी खाई थी, तो कभी बताया कि उसे आइसक्रीम दी गई थी और बाद में वह एसी कार में सो गई थी.
इन विरोधाभासी बयानों से संदेह होने पर प्रवीण ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट हासिल करने के बाद उसे ब्रिटेन में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार, जो बाल रोग विशेषज्ञ हैं, को दिखाया था. डॉक्टर ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाए, जिसके बाद प्रवीण ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी.
शिकायत में प्रवीण ने यह भी आरोप लगाया कि प्रियांका और मोहन साथ मिलकर नई जिंदगी शुरू करना चाहते थे और आईवीएफ के जरिए बच्चा पैदा करने की योजना बना रहे थे. उनका दावा है कि वेन्निला उनके लिए बाधा बन गई थी. इसलिए उसकी हत्या कर सबूत मिटाने की कोशिश की गई.
शिकायत और जांच के बाद पुलिस ने प्रियांका और मोहन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस फॉरेंसिक साइंस लैब की रिपोर्ट और अन्य विशेषज्ञों की राय का इंतजार कर रही है. मामले की आगे की जांच जारी है.
IANS
बेंगलुरु 6 साल की बच्ची की मौत मामले में चौंकाने वाला खुलासा, मां और उसके प्रेमी पर केस दर्ज
