इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू पर भड़क गए राष्ट्रपति ट्रंप, कहा- “तुम पूरी तरह पागल हो चुके हो…”
फोटो: आईएएनएस
इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू पर भड़क गए राष्ट्रपति ट्रंप, कहा- “तुम पूरी तरह पागल हो चुके हो…”
इजरायल और हिज्बुल्लाह के मध्य लगातार गहराते सैन्य तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच तीखी नोकझोंक की खबर सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री नेतन्याहू को फोन कर बेहद कड़े लहजे में फटकार लगाई है. ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ का दावा है कि इस बातचीत के दौरान ट्रंप इतने गुस्से में थे कि उन्होंने कई बार अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया और नेतन्याहू को हिज्बुल्लाह पर किए जा रहे हमलों को तत्काल रोकने की हिदायत दी.
दरअसल, यह तल्खी इजरायल द्वारा हाल ही में दक्षिणी बेरुत में किए गए हवाई हमलों के बाद बढ़ी है. इजरायल के इस आक्रामक कदम से नाराज ईरान ने अमेरिका के साथ चल रही राजनयिक बातचीत से पीछे हटने की धमकी दे दी थी जिसने वाशिंगटन की चिंताओं को बढ़ा दिया.
‘अगर मैं न होता, तो तुम जेल में होते’
‘एक्सियोस’ की रिपोर्ट में एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से इस बेहद गोपनीय बातचीत का ब्यौरा साझा किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने बेहद तल्ख लहजे में नेतन्याहू से कहा, “तुम पूरी तरह पागल हो चुके हो. अगर मैं न होता, तो तुम आज जेल में होते. मैं तुम्हारी जान बचा रहा हूं. इस समय हर कोई तुमसे नफरत करता है. तुम्हारी इन हरकतों की वजह से आज हर कोई इजरायल से नफरत कर रहा है.”
आलोचना के बाद भी अपने रुख पर कायम नेतन्याहू
अमेरिकी राष्ट्रपति की इस भारी नाराजगी और कड़े संदेश के बावजूद इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू अपने सैन्य आक्रामक रुख पर अडिग नजर आ रहे हैं. ट्रंप से हुई इस कड़वी बातचीत के तुरंत बाद नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर इजरायल के सख्त इरादों को फिर से दुनिया के सामने रखा.
नेतन्याहू ने अपनी पोस्ट में साफ किया, “आज रात मेरी राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत हुई. मैंने उन्हें स्पष्ट कर दिया है कि यदि हिज्बुल्लाह ने हमारे शहरों और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना बंद नहीं किया तो इजरायली वायुसेना बेरुत में मौजूद आतंकी ठिकानों को इसी तरह ध्वस्त करती रहेगी. हमारे इस रुख में कोई बदलाव नहीं आया है और इजरायली डिफेंस फोर्सेज (IDF) दक्षिणी लेबनान में अपना सैन्य अभियान पूरी ताकत से जारी रखेंगी.”
हिंदी पोस्ट डॉट इन
