पाकिस्तान: बलूचिस्तान रेलवे ट्रैक के पास ‘फिदायीन’ हमला, कइयों के मारे जाने की खबर

BLA attacks train in pakistan several dead (1) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

पाकिस्तान: बलूचिस्तान रेलवे ट्रैक के पास ‘फिदायीन’ हमला, कइयों के मारे जाने की खबर

 

इस्लामाबाद | पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को रेलवे ट्रैक पर आत्मघाती हमले में कई लोगों के मारे जाने की खबर है. देश की सरकारी न्यूज एजेंसी एपीपी ने रेलवे अधिकारियों के हवाले से बताया कि यह शटल ट्रेन क्वेटा कैंट से रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी, जब सुबह करीब 8 बजे चमन फाटक के पास इसे निशाना बनाया गया. धमाका चमन फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ.

धमाके के तुरंत बाद प्रतिबंधित बलोच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने इसकी जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि यह एक ‘फिदायीन,’ यानी आत्मघाती हमला था, जिसका निशाना पाकिस्तानी सैन्यकर्मी थे.

अपने बयान में बीएलए ने कहा कि उसकी मजीद ब्रिगेड, जिसे समूह की आत्मघाती इकाई बताया जाता है, ने एक “बहुत ही सुनियोजित” हमला किया. इस हमले में कथित तौर पर क्वेटा कैंट से सैन्यकर्मियों को ले जा रही ट्रेन को निशाना बनाया गया.

बीएलए ने कहा, “आज (24 मई) सुबह, बलोच लिबरेशन आर्मी की फिदायीन इकाई मजीद ब्रिगेड ने क्वेटा कैंट से सैन्य कर्मियों को ले जा रही ट्रेन को एक अत्यंत संगठित फिदायीन हमले में निशाना बनाया. बलोच लिबरेशन आर्मी इस ऑपरेशन की पूरी जिम्मेदारी स्वीकार करती है. ऑपरेशन से संबंधित विस्तृत जानकारी, तथा दुश्मन को हुए भौतिक और मानवीय नुकसान का विवरण जल्द ही एक आधिकारिक बयान में मीडिया को जारी किया जाएगा.”

हालांकि सराकार या स्थानीय मीडिया ने इसे आत्मघाती बताने से परहेज किया है. धमाके की पुष्टि करते हुए पाकिस्तान रेलवे ने कहा कि राहत कार्यों के लिए रेस्क्यू ट्रक और एक राहत ट्रेन मौके पर भेजी गई है. डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोट इतना जबरदस्त था कि तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जिनमें इंजन भी शामिल है, जबकि दो डिब्बे पलट गए.

सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी और बचाव अभियान शुरू कर दिया. रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे कायरतापूर्ण आतंकवादी कार्रवाई बताया और कहा कि इससे देश का आतंकवाद के खिलाफ संकल्प कमजोर नहीं होगा. उन्होंने इसका ठीकरा भी पड़ोसी मुल्क पर डाल दिया.

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घटना पर तुरंत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए. उन्होंने यह भी कहा कि हमले के बावजूद पाकिस्तान रेलवे की परिचालन गतिविधियां बिना रुकावट जारी रहेंगी.

वहीं जियो न्यूज ने रेलवे अधिकारियों के हवाले से बताया कि धमाके के बाद एहतियात के तौर पर पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया.

गृह मंत्री के प्रवक्ता बाबर यूसुफजई ने कहा कि शहर में हुए विस्फोट के बाद सभी संबंधित संस्थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. उन्होंने जनता से अपील की कि वे सुरक्षा कारणों से घटनास्थल के पास एकत्र न हों, ताकि आपातकालीन टीमें बिना किसी बाधा के राहत और बचाव कार्य कर सकें.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!