बंगाल चुनाव: मतगणना के बीच आया ममता बनर्जी का बड़ा बयान

Mamata Banerjee May 04 A Photo (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

बंगाल चुनाव: मतगणना के बीच आया ममता बनर्जी का बड़ा बयान

 

कोलकाता | पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच जहां शुरुआती रुझानों में भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है, वहीं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने इन आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं.

इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक वीडियो संदेश जारी कर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का निर्देश दिया है.

भवानीपुर सीट से उम्मीदवार ममता बनर्जी ने कहा कि काउंटिंग एजेंट और प्रत्याशी किसी भी स्थिति में काउंटिंग सेंटर न छोड़ें. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की यह रणनीति है कि शुरुआती राउंड में खुद को आगे दिखाया जाए.

ममता बनर्जी ने कहा, “मैं कल से ही कह रही हूं कि पहले उन्हें आगे दिखाया जाएगा. कई जगहों पर काउंटिंग को रोका गया है. कल्याणी में ऐसी मशीनें मिली हैं जिनमें आंकड़ों का कोई मेल नहीं है.”

उन्होंने केंद्रीय बलों और प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि सेंट्रल फोर्स के जरिए टीएमसी कार्यकर्ताओं पर अत्याचार किया जा रहा है और ‘एसआईआर’ के माध्यम से वोट लूटने की कोशिश की गई है.

टीएमसी प्रमुख ने दावा किया कि उनकी पार्टी 100 से ज्यादा सीटों पर आगे है लेकिन यह जानकारी सही तरीके से सामने नहीं लाई जा रही. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अपनी मर्जी से काम कर रहा है और केंद्रीय बल व पुलिस उसके साथ मिलकर काम कर रहे हैं.

उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा, “घबराने की जरूरत नहीं है. अभी सिर्फ 2-4 राउंड की गिनती हुई है, जबकि कुल 14-18 राउंड होते हैं. हमें सूर्यास्त के बाद जीत मिलेगी.”

ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और अंत तक डटे रहने की अपील करते हुए कहा कि अंतिम नतीजों में टीएमसी की ही जीत होगी.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!