एयरपोर्ट पर सनसनी: लैंडिंग के बाद चलते विमान का इमरजेंसी गेट खोलकर कूदा यात्री, मचा हड़कंप

Flight Plane Depositphotos_880720090_XL (1) (2) (1)
The Hindi Post

एयरपोर्ट पर सनसनी: लैंडिंग के बाद चलते विमान का इमरजेंसी गेट खोलकर कूदा यात्री, मचा हड़कंप

 

चेन्नई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शारजाह से आई एयर अरेबिया की एक फ्लाइट के यात्री ने लैंडिंग के बाद अचानक इमरजेंसी दरवाजा खोल दिया और विमान से नीचे कूद गया . यह घटना तब हुई जब विमान मुख्य रनवे से उतरकर टैक्सीवे पर धीमी गति से आगे बढ़ रहा था.

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, विमान ने सुरक्षित लैंडिंग कर ली थी. जब विमान टैक्सीवे पर था तभी एक पुरुष यात्री ने अचानक इमरजेंसी एग्जिट डोर खोला और बाहर निकल गए . इस अप्रत्याशित कदम से विमान में सवार अन्य यात्रियों के बीच घबराहट और डर का माहौल पैदा हो गया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिस समय यात्री कूदा, विमान पूरी तरह रुका नहीं था, हालांकि इस घटना में किसी भी यात्री या विमान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है.

शुरुआती जांच में पता चला है कि यात्री उड़ान के दौरान अस्वस्थ महसूस कर रहा था और उसने विमान के भीतर दो बार उल्टियां भी की थी. संभवतः इसी खराब स्वास्थ्य के कारण उसने ऐसा कदम उठाया. घटना के तुरंत बाद पायलट ने ग्राउंड सिक्योरिटी को सूचित किया जिसके बाद सीआईएसएफ (CISF) के जवानों ने यात्री को हिरासत में ले लिया और बाद में उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया.

सुरक्षा कारणों से चेन्नई एयरपोर्ट के मुख्य रनवे को सुबह 3:23 बजे से 4:23 बजे तक, यानी करीब एक घंटे के लिए बंद करना पड़ा. इस दौरान उड़ानों का संचालन वैकल्पिक रनवे से किया गया. स्थिति सामान्य होने के बाद मुख्य रनवे को पुनः खोल दिया गया. फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की गहनता से जांच कर रही हैं.

 

Hindi Post Dot In

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!