दिल्ली के विवेक विहार में बहुमंजिला इमारत में लगी आग, अब तक 9 लोगों की मौत
फोटो: आईएएनएस
बहुमंजिला इमारत में लगी आग, अब तक 9 लोगों की मौत
नई दिल्ली | दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई. इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. यह आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई फ्लोर इसकी चपेट में आ गए. इसमें अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है.
जानकारी के मुताबिक, यह आग विवेक विहार फेज-1 के एक बहुमंजिला मकान में लगी थी. फायर कंट्रोल रूम को इस हादसे की सूचना तड़के 3:48 बजे मिली थी जिसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हुई. मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बिल्डिंग के दूसरे, तीसरे और चौथे फ्लोर पर आग लगी हुई थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल की करीब 12 से 14 गाड़ियां मौके पर लगाई गईं. फायर ब्रिगेड, पुलिस, क्राइम टीम, ट्रैफिक पुलिस और डीडीएमए की टीमों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया.
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 6:25 बजे आग पर काबू पा लिया गया लेकिन इसके बाद भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया खासकर ऊपरी मंजिलों पर, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अंदर फंसा न रह जाए.
Delhi: Fire broke out around 3 a.m. on the top floor of a four-storey building in Vivek Vihar, Shahdara, Delhi. Fire services are on the spot; nine deaths have been reported. Rescue operations are underway pic.twitter.com/A3rnUSX1dy
— IANS (@ians_india) May 3, 2026
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे आग लगने की कॉल मिली थी और तुरंत टीम मौके पर पहुंच गई थी. उन्होंने कहा कि आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे लगे जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. बचाव कार्य के दौरान करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई थीं. उन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया. वहीं, कुछ अन्य घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस आग में कुल नौ लोगों की जान चली गई है. यह संख्या और बढ़ भी सकती है क्योंकि अभी सर्च ऑपरेशन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग इतनी भयानक थी कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला. कई लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे जबकि कुछ लोग अंदर ही फंस गए थे.
फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है लेकिन पुलिस और जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं.
