इंस्टाग्राम पर अब प्राइवेट नहीं रहेंगी आपकी चैट! Meta पूरी तरह खत्म कर रहा यह फीचर, जानिए क्या होगा बदलाव ?
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
इंस्टाग्राम पर अब प्राइवेट नहीं रहेंगी आपकी चैट! Meta पूरी तरह खत्म कर रहा यह फीचर, जानिए क्या होगा बदलाव ?
सोशल मीडिया की दुनिया में यूजर्स की सबसे बड़ी चिंता होती है प्राइवेसी की. लोगों के मन में यह सवाल अक्सर ही आता है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वह जिससे बात कर रहा है उसे कोई देख तो नहीं रहा है? इसी को लेकर एक ऐसी खबर आ रही है जिसने करोड़ों इंस्टाग्राम (Instagram) यूजर्स की चिंता बढ़ा दी है. क्या आप जानते हैं कि आने वाली 8 मई के बाद Instagram के आपके प्राइवेट मैसेज अब पूरी तरह से प्राइवेट नहीं होंगे? सुनने में भले ही हैरान कर देने वाली बात लग रही हो लेकिन यह सच है.
Meta के स्वामित्व वाले प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम ने अपनी प्राइवेसी पॉलिसी में एक ऐसा बदलाव करने का फैसला लिया है जिसकी उम्मीद किसी भी यूजर्स को नहीं थी. साल 2023 में जिस एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन (E2EE) को प्राइवेसी का सुरक्षा कवच बताकर Instagram ने लाया था, अब उसी फीचर को पूरी तरह से मेटा खत्म करने जा रहा है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार इसका सीधा मतलब है कि आने वाली 8 मई साल 2026 के बाद आपकी चैट्स पर एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन नहीं होगा जो अब तक मेटा को भी आपके मैसेज पढ़ने से रोकती थी. आखिर मेटा ने इतना बड़ा फैसला क्यों लिया? क्या अब आपकी हर बात पर कंपनी की नजर होगी? आइए जानते हैं…
Instagram ने साल 2023 के दिसंबर में अपने यूजर्स की प्राइवेसी को पूरी तरह से सुरक्षित बनाने के लिए एन्क्रिप्शन फीचर लाया था. इसमें दो लोगों के बीच की बातचीत को कोई तीसरा यहां तक कि खुद मेटा भी पढ़ नहीं सकता था. लेकिन 8 मई के बाद- इंस्टाग्राम पर भेजे गए मैसेज अब एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड नहीं होंगे.
यह जानकारी खुद इंस्टाग्राम के आधिकारिक हेल्प पेज पर दी गई है, जहां साफ कहा गया है कि 8 मई 2026 के बाद इंस्टाग्राम पर एंड टू एंड एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग सपोर्ट नहीं करेगा.

मेटा के पास अब आपके चैट्स और मीडिया का एक्सेस होगा. प्राइवेसी की वो लेयर हट जाएगी जो अब तक आपकी चैट को किसी तीसरी तक पहुंचने से रोकती थी.
अगर किसी यूजर की चैट इस फीचर के तहत है, तो उन्हें पहले से नोटिफिकेशन मिलेगा और वे अपने चैट डेटा को डाउनलोड भी कर सकेंगे.
इसको लेकर मेटा ने यह भी साफ किया है कि जिन यूजर्स की चैट इस बदलाव से प्रभावित होगी उन्हें ऐप के भीतर ही नोटिफिकेशन दिए जाएंगे. यूजर्स अपनी पुरानी मीडिया फाइल्स और मैसेज को डाउनलोड कर सकेंगे. कंपनी ने यूजर्स को सलाह दी है कि इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए यूजर्स अपने इंस्टाग्राम ऐप को लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट रखें.
अभी तक मेटा ने यह साफ नहीं किया है कि इस फैसले के पीछे का क्या कारण है लेकिन जानकारों का मानना है कि इसके पीछे चाइल्ड सेफ्टी और सरकारी दबाव एक बड़ी वजह हो सकती है.
एन्क्रिप्शन हटने से कंपनी अब मैसेज और कॉल्स को स्कैन कर सकेगी, जिससे बाल यौन शोषण सामग्री यानी CSAM और ऑनलाइन ग्रूमिंग जैसे अपराधों पर लगाम लगाया जा सकेगा. इसके साथ ही अमेरिका, यूके और यूरोपीय संघ जैसे देश लगातार चैट कंट्रोल जैसे नियम ला रहे हैं जिससे सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख सकें.
फिलहाल अभी यह साफ नहीं है कि मेटा अपने दूसरे प्लेटफॉर्म जैसे मैसेंजर या व्हाट्सएप से भी एन्क्रिप्शन हटाएगा या नहीं. अभी यह बदलाव केवल इंस्टाग्राम तक सीमित नजर आ रहा है.
अभी तक एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन का मतलब था कि आपके मैसेज को सिर्फ आप और जिसे आपने भेजा है वही पढ़ सकते थे. लेकिन अब मेटा भी देख सकेगी.
अगर भविष्य में इंस्टाग्राम या मेटा डेटाबेस लीक होता है या सर्वर हैक होता है, तो हैकर्स के हाथ आपकी पूरी चैट हिस्ट्री लग सकती है. एन्क्रिप्शन हटने के बाद सरकार या कानूनी एजेंसियां किसी भी जांच के नाम पर मेटा से आपकी चैट्स का एक्सेस ले सकती हैं. जब कंपनी आपके मैसेज पढ़ पाएगी, तो वह आपके कीवर्ड्स और पसंद-नापसंद को ट्रैक कर सकती है. और इसी हिसाब से आपको और सटीक विज्ञापन दिखाएंगी.
