रक्षक ही बना भक्षक: बेटी के गर्भवती होने पर 17 लोगों का हुआ DNA टेस्ट, रेपिस्ट निकला सगा पिता
सांकेतिक फोटो | (फोटो क्रेडिट: इंग्लिश पोस्ट)
मुक-बधिर से रेप केस में हैरान कर देने वाला खुलासा, 17 लोगों के DNA टेस्ट में पिता है निकला आरोपी
मुंबई के कफ परेड इलाके से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है जिसने मानवता और रिश्तों की मर्यादा को पूरी तरह तार-तार कर दिया है. यहां 20 वर्षीय मूक-बधिर युवती के साथ उसके सगे पिता द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला उजागर हुआ है. इस घिनौने कृत्य की पुष्टि तब हुई जब DNA टेस्ट में युवती के भ्रूण का मिलान उसके पिता से हो गया.
घटना का विवरण और खुलासा
यह मामला सितंबर 2025 में तब प्रकाश में आया, जब युवती ने अपनी दादी को शारीरिक असहजता के बारे में इशारों में बताया. उसने संकेत दिया कि उसे पेट के भीतर कुछ हलचल महसूस हो रही है. इसके बाद उसे कामा एंड अल्बलेस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां परीक्षण के दौरान डॉक्टर यह जानकर दंग रह गए कि युवती पांच महीने की गर्भवती है. अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया.
जांच में पुलिस की सूझबूझ
शुरुआत में युवती अपनी स्थिति और आपबीती बयां करने में असमर्थ थी. वहीं, आरोपी पिता ने अपनी संलिप्तता से इनकार करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से भी मना कर दिया. पुलिस ने संवेदनशीलता बरतते हुए युवती की काउंसलिंग कराई, जिसके बाद वह सहयोग करने को तैयार हुई. युवती के संकेतों के आधार पर पुलिस ने पहले दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया, लेकिन मामले की तह तक जाने के लिए कुल 17 संदिग्धों के DNA नमूने लिए गए.
DNA रिपोर्ट ने खोला सच्चाई का राज
27 जनवरी को आई जेनेटिक रिपोर्ट ने पुलिस और समाज को झकझोर कर रख दिया. परीक्षण में केवल एक पॉजिटिव मैच मिला, जिससे यह सिद्ध हो गया कि युवती के पिता ने ही दुष्कर्म किया था और उसके पेट में पल रहा बच्चा भी उसी का है. जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पिता मार्च से सितंबर के बीच लगातार अपनी दिव्यांग बेटी का शोषण करता रहा. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Hindi Post Dot In
