प्यार में बदला धर्म, बदला नाम, बदली जिंदगी — यूपी के युवक पहुंचा पाकिस्तान, जेल में किया गया बंद, अब आई यह जानकारी
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
प्यार में बदला धर्म, बदला नाम, बदली जिंदगी — यूपी के युवक पहुंचा पाकिस्तान, जेल में किया गया बंद, अब आई यह जानकारी
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी बादल बाबू की सीमा पार प्रेम कहानी अब एक अहम मोड़ पर पहुंच गई है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए पाकिस्तान की सना रानी से दोस्ती के बाद यह रिश्ता प्रेम में बदल गया. प्रेम में डूबे बादल ने सभी कानूनी सीमाओं को नजरअंदाज करते हुए बिना पासपोर्ट और वीजा के पाकिस्तान जाने का जोखिम उठा लिया.
पाकिस्तान पहुंचने पर बादल ने सना से मुलाकात की और उसके घर पर ही रहा लेकिन अवैध रूप से देश में दाखिल होने के कारण सना की मां ने उसे घर में रखने से इनकार कर दिया और भारत लौटने को कहा. बादल ने लौटने के बजाय वहीं रुकने का फैसला किया. इसके बाद 27 सितंबर 2024 को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मंडी बहाउद्दीन इलाके से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. उसी दिन से वह पाकिस्तानी जेल में बंद था.
पुलिस ने बादल को अदालत में पेश किया जहां विदेशी अधिनियम 1946 की धारा 13 और 14 के तहत उसके खिलाफ मुकदमा चलाया गया. जासूसी की आशंका के चलते पाकिस्तानी जांच एजेंसियों ने उससे पूछताछ भी की. सजा की अवधि पूरी होने के बाद अब बादल को पाकिस्तान की जेल से रिहा कर दिया गया है.
26 दिसंबर को बादल के पिता कृपाल सिंह को पाकिस्तान से सूचना मिली कि उनका बेटा रिहा हो चुका है और जल्द भारत लौटेगा. फिलहाल बादल को डिटेंशन सेंटर में रखा गया है और भारत वापसी की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. बेटे की सुरक्षित वापसी की खबर से परिवार में खुशी का माहौल है.
इस मामले का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि प्रेम के प्रभाव में बादल ने पाकिस्तान में इस्लाम धर्म अपनाकर अपना नाम ‘आदिल’ रख लिया था. जेल से लिखी गई उसकी एक चिट्ठी भी वायरल हुई थी जिसमें उसने सना से शादी करने और पाकिस्तान में ही रहने की इच्छा जताई थी.
Hindi Post Dot In
