रिश्तों पर लगा दाग ! अविवाहित युवती ने ली अबॉर्शन की दवा, हुई मौत, इलाज के दौरान हुआ सनसनीखेज खुलासा….
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
रिश्तों पर लगा दाग ! अविवाहित युवती ने ली अबॉर्शन की दवा, हुई मौत, इलाज के दौरान हुआ सनसनीखेज खुलासा….
उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. इस घटना ने न केवल इलाके में सनसनी फैला दी है बल्कि रिश्तों और सामाजिक दबाव को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिजनों का आरोप है कि युवती के चचेरे भाई ने गर्भपात कराने के इरादे से उसे कथित तौर पर दवा खिला दी थी जिसके बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
रिपोर्ट्स में पुलिस के हवाले से लिखा गया है कि युवती का अपने चचेरे भाई के साथ प्रेम-प्रसंग था. इसी दौरान युवती के गर्भवती होने की जानकारी सामने आई जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया. परिजनों का कहना है कि सामाजिक दबाव और ‘लोकलाज’ के डर से आरोपी ने युवती को बिना डॉक्टर की सलाह और निगरानी के गर्भपात की दवा दे दी. दवा लेने के कुछ समय बाद ही युवती की तबीयत बिगड़ने लगी और उसकी हालत चिंताजनक हो गई.
परिजन उसे तत्काल नोएडा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दिल्ली के एक बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. वहां इलाज के बाद युवती को घर वापस लाया गया लेकिन बुधवार को उसकी तबीयत एक बार फिर अचानक खराब हो गई. इसके बाद परिजन उसे नोएडा के एक अन्य अस्पताल ले गए जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पूरे मामले को लेकर पीड़िता के पिता ने अपने भतीजे के खिलाफ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल दस्तावेजों और दवा के स्रोत की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके.
Hindi Post Dot In
