“ज्योतिरादित्य सिंधिया, मिलिंद देवरा, हिमंत बिस्वा सरमा ने इसलिए पार्टी छोड़ी क्योंकि….”, बोलते ही कांग्रेस से निकाले गए वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व एमएलए, बताई गई यह वजह…..

Congress (1)
The Hindi Post

“ज्योतिरादित्य सिंधिया, मिलिंद देवरा, हिमंत बिस्वा सरमा ने इसलिए पार्टी छोड़ी क्योंकि….”, बोलते ही कांग्रेस से निकाले गए वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व एमएलए, बताई गई यह वजह…..

 

भुवनेश्वर | ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) ने पूर्व विधायक और सीनियर नेता मोहम्मद मोकिम को ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’ में शामिल होने के आरोप में पार्टी से बाहर कर दिया है. मोहम्मद मोकिम ने कुछ दिन पहले सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखकर पार्टी के नेतृत्व पर सवाल उठाया था.

मुकीम ने राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की उम्र पर सवाल उठाए थे. साथ ही वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को नेतृत्व में भूमिका देने की मांग की थी.

ओपीसीसी अध्यक्ष भक्त चरण दास के हस्ताक्षर वाले नोटिस में लिखा है, “सभी संबंधित लोगों को सूचित किया जाता है कि AICC ने श्री मोहम्मद मुकीम को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते प्राथमिक सदस्यता से निकालने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है.”

समाचार एजेंसी एएएनएस से बातचीत करते मुकीम / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

मुकीम ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया, मिलिंद देवरा, हिमंत बिस्वा सरमा जैसे कई उभरते युवा नेताओं ने इसलिए पार्टी छोड़ दी क्योंकि वे खुद को ‘उपेक्षित’, ‘नजरअंदाज’ और ‘अनसुना’ महसूस करते थे. उन्होंने सुझाव दिया कि वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी को केंद्रीय भूमिका में आकर प्रत्यक्ष और सक्रिय नेतृत्व संभालना चाहिए.

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सचिन पायलट, डी. के. शिवकुमार, ए. रेवंत रेड्डी, शशि थरूर जैसे नेताओं को पार्टी की मुख्य नेतृत्व टीम का आधार बनना चाहिए. मुकीम ने कहा कि पार्टी की मौजूदगी भौगोलिक, संगठनात्मक और भावनात्मक स्तर पर लगातार सिमटती जा रही है.

यहां यह बताना जरूरी है कि कटक-बाराबती की मौजूदा विधायक सोफिया फिरदौस है. सोफिया, मोहम्मद मोकिम की बेटी है.

पूर्व विधायक मोकिम ने 8 दिसंबर को लिखे अपने पत्र में कहा था कि पार्टी (कांग्रेस) को ओडिशा में लगातार छह हार और राष्ट्रीय स्तर पर तीन बड़ी हार का सामना करना पड़ा है. यह पार्टी के वफादार कार्यकर्ताओं के लिए चिंताजनक और दिल तोड़ने वाली बात है. उन्होंने मौजूदा ओपीसीसी अध्यक्ष भक्त चरण दास को भी निशाने पर लिया था.

मोकिम ने कहा कि दास 2025 में ओपीसीसी अध्यक्ष बने थे. उनको लगातार तीन चुनावी हार का सामना करना पड़ा है और वह एक ऐसी राजनीतिक विचारधारा से जुड़े रहे हैं जो पारंपरिक रूप से कांग्रेस के विपरीत रही है.

केंद्रीय नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लगातार गलत फैसले लेना, गलत लोगों को नेतृत्व सौंपना और जिम्मेदारी को लगातार गलत हाथों में सौंपना. इन सबने पार्टी को अंदर से कमजोर कर दिया है.

जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं और पार्टी नेतृत्व के बीच बढ़ती दूरी का आरोप लगाते हुए, मोकिम ने कहा कि वह लगभग तीन साल तक इंतजार करने के बाद भी राहुल गांधी से नहीं मिल पाए है.

मोकिम के पत्र ने पार्टी में हलचल मचा दी है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने खुले तौर पर पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाने के लिए मोकिम की आलोचना की है. ओपीसीसी अध्यक्ष दास ने मोकिम का नाम लिए बिना पहले कहा था कि जो लोग भाजपा के संपर्क में हैं, उन्हें कांग्रेस छोड़ देनी चाहिए.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!