बीच क्रासिंग ट्रेन इंजन रोक दिया, क्यों किया लोको पायलट ने ऐसा ?, लोग जता रहे नाराजगी, वीडियो हुआ वायरल

Sitapur Train Incident (1) (1)

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब

The Hindi Post

बीच क्रासिंग ट्रेन इंजन रोक दिया, क्यों किया लोको पायलट ने ऐसा ?, लोग जता रहे नाराजगी, वीडियो हुआ वायरल

 

सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के खैराबाद क्षेत्र में एक रेलवे इंजन को उसके पायलट (ड्राइवर) ने कथित तौर पर सब्जियां खरीदने के लिए बीच रास्ते में रोक दिया. यह घटना टप्पा खजुरिया रेलवे क्रॉसिंग के पास की बताई जा रही है. राहगीरों ने इस पूरे वाकये को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया.

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन का इंजन क्रॉसिंग के पास कुछ देर के लिए रुकता है. तभी दो व्यक्ति काली पॉलीथिन में कुछ सामान लेकर इंजन के अंदर चढ़ते दिखाई देते हैं. वीडियो रिकॉर्ड करने वाले लोग कहते सुनाई देते हैं कि “सब्जी लेने के लिए इंजन रोका गया है.” इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए क्योंकि ट्रेनें आमतौर पर केवल निर्धारित स्टेशनों पर ही रुकती हैं न कि खुले रेलवे क्रॉसिंग पर.

वीडियो की खास बात यह है कि इसमें दृश्य के साथ-साथ लोगों की बातचीत भी साफ सुनी जा सकती है. ऑडियो में राहगीर यह कहते सुने जा सकते हैं कि ट्रेन सब्जी लेने के लिए रोकी गई है. उनकी आवाज में नाराजगी और आश्चर्य दोनों झलकता हैं. लोग यह भी सवाल उठाते नजर आते हैं कि आखिर किस अधिकार से ट्रेन को बीच रास्ते में रोका गया और दो लोग इंजन में क्यों चढ़े.

वीडियो सामने आने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब आम यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करने पर जुर्माना लगाया जाता है तो इंजन को निजी काम के लिए रोकने पर कार्रवाई क्यों नहीं होनी चाहिए?

कुछ लोगों का कहना है कि यदि ट्रेन को कहीं भी रोका जा सकता है और कोई भी व्यक्ति इंजन में चढ़ सकता है तो यह यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हो सकता है.

हालांकि, अब तक रेलवे प्रशासन ने वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो में दिख रहे लोग कौन हैं और ट्रेन किसके आदेश पर रोकी गई थी. आमजन मांग कर रही है कि मामले की जांच की जाए और यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!