नाईट क्लब में लगी भीषण आग, 25 लोगों की मौत की पुष्टि, चश्मदीद बोले- दूर तक दिख रही थीं लाल लपटें

Fire in Goa night club 25 killed (2)

क्लब में आग लगने की फाइल फोटो (आईएएनएस)

The Hindi Post

नाईट क्लब में लगी भीषण आग, 25 लोगों की मौत की पुष्टि, चश्मदीद बोले- दूर तक दिख रही थीं लाल लपटें

 

पणजी | गोवा के पर्यटन क्षेत्र अरपोरा में हुए भीषण अग्निकांड में मृतकों की संख्या 25 तक पहुंच चुकी है. तकरीबन छह लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया. क्लब के अंदर आग लगने की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. स्थानीय नागरिकों ने बताया कि घटना रात करीब 12 बजे हुई.

क्लब में लगी आग की घटना पर एक प्रत्यक्षदर्शी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “हम अपने होटल पहुंचे थे कि हमें लाल-लाल लपटें निकलती दिखीं. जब हमने वहां जाकर देखा तो पुलिस पहले से ही मौके पर थी और स्थिति को संभाल रही थी.”

एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा, “हम नजदीक ही थे लेकिन हमने रात को कुछ नहीं देखा. लगभग 12 बजे की घटना बताई जा रही है लेकिन उस समय हमें पता नहीं चला. मैंने आज सुबह खबर देखी और तुरंत यहां पहुंचा. पिछली रात हमें सिर्फ बहुत तेज सायरन की आवाज सुनाई दी थी लेकिन हमें समझ नहीं आया कि क्या हुआ है.”

उन्होंने कहा, “मुझे सुबह खबर लगी तो मैं यहां दौड़ा चला आया. हमने सोचा सड़क पर कुछ हुआ होगा, ज्यादा गंभीर कुछ नहीं हुआ होगा लेकिन सुबह पता चला कि इतनी बड़ी घटना हो गई.”

एक अन्य स्थानीय व्यक्ति ने कहा, “घटना रात के करीब 12 बजे हुई थी इसलिए उस समय ज्यादा कुछ पता नहीं चल पाया. मैंने एम्बुलेंस की आवाज सुनी थी. सुबह पता चला कि शायद 25 लोगों की मौत हो गई.”

अरपोरा में हुए भीषण अग्निकांड के बाद गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पुष्टि की कि इसमें 25 लोगों की जान चली गई है और 6 लोग घायल हुए है. सभी घायलों की हालत स्थिर है.

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार सुबह घटनास्थल का दौरा किया. उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं ताकि कारण का पता लगाया जा सके और जिम्मेदारी तय की जा सके.

IANS

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!