अमेरिका में पहली बार इस वायरस से इंसान की मौत, ये जानकारी निकल कर आई सामने
प्रतीकात्मक फ़ोटो
अमेरिका में पहली बार इस वायरस से इंसान की मौत, ये जानकारी निकल कर आई सामने…..
अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य में एक व्यक्ति की H5N5 एवियन इन्फ्लुएंजा से मौत हो गई है. राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह अमेरिका में H5N5 स्ट्रेन से संक्रमित पहला ज्ञात मानव मामला है. वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी की जांच में पाया गया कि व्यक्ति को H5N5 एवियन इन्फ्लुएंजा हुआ था. अमेरिका के सेंटर्स फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) ने भी इसकी पुष्टि की है. मृतक एक बुजुर्ग व्यक्ति थे जिन्हें पहले से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं थीं और नवंबर की शुरुआत से वह किंग काउंटी के एक अस्पताल में भर्ती थे. उनकी 21 नवंबर को मौत हो गई.
कैसे हुआ संक्रमण?
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मरीज ग्रेज हार्बर काउंटी के रहने वाले थे और उनके घर पर घरेलू पक्षियों का एक मिश्रित झुंड था जिसका संपर्क जंगली पक्षियों से हुआ था. अधिकारियों को लगता है कि संक्रमण इन्हीं से फैला. राज्य एजेंसियों द्वारा की गई जांच में मरीज के घर के आसपास के वातावरण में एवियन इंफ्लुएंजा वायरस पाया गया.
स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि यह मरीज दुनिया का पहला व्यक्ति है जो बर्ड फ्लू के H5N5 स्ट्रेन से संक्रमित हुआ था.
H5N5 स्ट्रेन से जानवरों के संक्रमित होने की तो पुष्टि है लेकिन किसी इंसान के इससे संक्रमित होने का कोई मामला रिपोर्ट नहीं हुआ है. हेल्थ अधिकारियों ने दोहराया कि इस वायरस से आम लोगों के लिए खतरा कम है.
H5N5 कितना खतरनाक है?
H5N5 बर्ड फ्लू एक दुर्लभ स्ट्रेन है और इंसानों में यह पहली बार पाया गया है.
स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सामान्य जनता के लिए जोखिम बहुत कम है क्योंकि मरीज के संपर्क में आए किसी व्यक्ति में संक्रमण नहीं पाया गया.
मानव-से-मानव संक्रमण का कोई सबूत नहीं मिला है.
अमेरिका में स्थिति
यह इस वर्ष अमेरिका में बर्ड फ्लू से जुड़ी यह दूसरी मौत है.
इससे पहले अधिकांश मानव संक्रमण H5N1 स्ट्रेन से जुड़े थे.
CDC का कहना है कि जोखिम सीमित है लेकिन संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने वालों को सावधानी बरतनी चाहिए.
