नेपाल से सामने आई एक और बड़ी खबर, 60……

Nepal Bawal 1 (1) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

नेपाल से सामने आई एक और बड़ी खबर, 60……

 

 

 

नई दिल्ली | नेपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ जेन-जी युवाओं के विरोध प्रदर्शन की आड़ में जेल से भागे अब तक 60 कैदियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इन सभी कैदियों को सीमा सुरक्षा बल द्वारा उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार से गिरफ्तार किया गया है.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अब तक लगभग 13 हजार से भी ज्यादा कैदी नेपाल के जेल से भागने में सफल रहे हैं. जेल से भागे यह सभी कैदी भारत की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं. इसी को देखते हुए दोनों ही देशों के सुरक्षाबल ऐसे सभी कैदियों को चिन्हित कर उन्हें गिरफ्तार करने में जुटे हैं.

नेपाल की जेल से भागे कैदियों के बारे में सीमा सुरक्षा बल ने पूरी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस बात की आशंका है कि आने वाले दिनों में ऐसे कैदियों की संख्या में इजाफा हो सकता है लेकिन हम ऐसे सभी कैदियों के खिलाफ कार्रवाई करने में जुटे हुए हैं.

इससे पहले 10 सितंबर को सीमा सुरक्षा बल ने नेपाल से भागे पांच कैदियों को सिद्धार्थनगर से गिरफ्तार किया था. इसके बाद इनसे पूछताछ कर इस बारे में पूरी जानकारी जुटाने का प्रयास किया था. सीमा सुरक्षा बल ने इन कैदियों से यह जानने का प्रयास किया था कि अब तक कितने कैदी नेपाल की जेलों से भाग चुके हैं.

बता दें कि चार सितंबर को नेपाली सरकार ने देश में सोशल मीडिया पर बैन लगा दिया था. इसके विरोध में जेन-जी ने सड़क पर उतरकर सरकार के इस फैसले का विरोध किया. इस बीच, सरकार को युवाओं के विरोध के आगे झुकते हुए सोशल मीडिया पर लगे इस प्रतिबंध को वापस लेना पड़ा.

नेपाल के इन जेन-जी युवाओं ने सोशल मीडिया पर लगे प्रतिबंध के अलावा भ्रष्टाचार के खिलाफ भी विरोध किया. इस वजह से नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली सहित कई मंत्रियों को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा.

वहीं, जेन-जी युवाओं ने कहा कि जब तक नेपाल भ्रष्टाचार से मुक्त नहीं हो जाता है तब तक हमारा यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.

उधर, नेपाल के युवाओं के विरोध प्रदर्शन की वजह से अब वहां पर स्थिति हिंसात्मक हो चुकी है. इसी को देखते हुए अब यह वैश्विक मंच पर भी चर्चा का विषय बन गया है.

भारत सरकार ने भी नेपाल में बनी अराजक स्थिति को ध्यान में रखते हुए बयान जारी किया और कहा कि हमने वहां की स्थिति पर करीब से नजर बनाकर रखी है. हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि वहां पर रहे हमारे भारतीय नागरिकों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हो. सभी वहां पर सकुशल रहे. इसके अलावा, भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने निर्देश में वहां रहने वाले भारतीय नागरिकों से अपील की है कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती है तब तक सभी अपने घरों पर ही रहें.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!