खेल रहे टेनिस, कर रहे योग, पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ ने छोड़ा सरकारी बंगला, अब कहां हुए शिफ्ट ?

DHANKHAD

फोटो : आईएएनएस

The Hindi Post

खेल रहे टेनिस, कर रहे योग, पूर्व उपराष्ट्रपति ने छोड़ा सरकारी बंगला, अब कहां हुए शिफ्ट ?

 

 

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सरकारी बंगला छोड़ दिया है. पद से इस्तीफा देने के छह हफ्ते बाद वह दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर इलाके में स्थित एक निजी फार्महाउस में शिफ्ट कर गए हैं. छतरपुर के गदाईपुर इलाके में स्थित फार्महाउस इनेलो नेता अभय चौटाला का है.

एक अधिकारी ने बताया कि धनखड़ अंतरिम व्यवस्था के तहत इस निजी फार्महाउस में तब तक रहेंगे, जब तक उन्हें टाइप-8 आधिकारिक आवास आवंटित नहीं कर दिया जाता. हालांकि, केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय को सरकारी बंगला आवंटित करने के लिए धनखड़ की ओर से अब तक कोई औपचारिक अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ है.

वह अब तक उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में रह रहे थे. धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए मानसून सत्र के पहले दिन 21 जुलाई को इस्तीफा दे दिया था और तब से वे जनता की नजरों से दूर हैं. उपराष्ट्रपति के रूप में उनका कार्यकाल 10 अगस्त 2027 को समाप्त होना था.

इस्तीफे के बाद विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा था कि आखिर वह कहां हैं. धनखड़ के करीबी सूत्रों ने बताया कि वह परिवार के साथ समय बिता रहे हैं. टेबल टेनिस खेल रहे हैं और योग का अभ्यास कर रहे हैं.

उनके उत्तराधिकारी के चयन के लिए चुनाव नौ सितंबर को होने वाला है. उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए द्वारा चुने गए महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन का मुकाबला विपक्ष के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी से है.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!