शख्स ने पहले किया महिला का पीछा, फिर पेट्रोल डालकर लगाई आग, खौफनाक वारदात के पीछे थी यह वजह…
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
शख्स ने पहले किया युवती का पीछा, फिर पेट्रोल डालकर लगाई आग, खौफनाक वारदात के पीछे थी यह वजह…
बेंगलुरु में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां पर एक शख्स ने अपनी लिव इन पार्टनर को जिंदा जला डाला. घटना के वक्त महिला अपने एक रिश्तेदार के साथ कार में बैठकर मंदिर से वापस लौट रही थी. आरोपी ने सिग्नल पर कार रुकवाकर उसके ऊपर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी. महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई. यह घटना शनिवार की है. मृत महिला का नाम वनजाक्षी है और आरोपी का नाम विठ्ठल है, जो पेशे से कैब ड्राइवर है. पुलिस ने विठ्ठल को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक वनजाक्षी और विठ्ठल लिव इन में रहते थे. लेकिन पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच सबकुछ सामान्य नहीं चल रहा था. पुलिस जांच में सामने आया है कि वनजाक्षी, विठ्ठल की शराब पीने की आदत से काफी परेशान रहती थी. इसके लिए उसने बार-बार विठ्ठल को चेतावनी भी दी थी. जब उसने आदत नहीं छोड़ी तो वनजाक्षी ने अलग रहने का फैसला कर लिया. यह बात विठ्ठल को नागवार गुजरी और उसने वनजाक्षी को सबक सिखाने की ठान ली.
पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन वनजाक्षी अपने नजदीकी रिश्तेदार मरियप्पा के साथ मंदिर गई थी. मंदिर से वापस लौटने के बाद वह कार से वापस लौट रही थी. कार में वनजाक्षी, मरियप्पा और ड्राइवर थे. इसी दौरान अचानक से विठ्ठल की निगाह वनजाक्षी के ऊपर पड़ी. उसने सिग्नल पर कार रुकवाकर महिला के ऊपर पेट्रोल डालना शुरू कर दिया.
विठ्ठल को ऐसा करते देखी तीनों ही कार से निकलकर भागने लगे. विठ्ठल इसके बाद भी नहीं रुका. उसने भाग रही वनजाक्षी का पीछा किया और उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. घटना के बाद वनजाक्षी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.
