होटल के गार्डन में मिले 19 कोबरा, फन उठाए सांपों को देखकर लोगों की सिट्टी-पिट्टी हुई गुम
होटल के गार्डन में मिला कोबरा का झुंड / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)
होटल के गार्डन में मिले 19 कोबरा, फन उठाए सांपों को देखकर लोगों की सिट्टी-पिट्टी हुई गुम
उदयपुर शहर के एक होटल से ऐसी तस्वीर निकलकर सामने आई है, जिसे कोई देख ले तो वह डर के साए में चला जाएगा. दरअसल, शहर के सेवाश्रम इलाके में एक साथ 19 कोबरा सांप नजर आए. ये वाकया किसी जंगल का नहीं, बल्कि सेवाश्रम इलाके में स्थित एक होटल का है. यहां होटल के गार्डन में कोबरा सांपों का झुंड नजर आया. गार्डन में एक बड़े सांप के साथ कोबरा के 18 बच्चे थे, जिन्हें सुरक्षित रेस्क्यू किया गया. फिलहाल सभी सांपों को जंगल में छोड़ दिया गया है.
एक साथ 18 कोबरा स्नेक को देखकर रोंगटे खड़े हो गए…स्नेक कैचर चमन सिंह ने सुरक्षित रेस्क्यू किया…#उदयपुर की होटल में मिला सांपों का झुंड.#Udaipur #snake #snakecatcher #resque #hotel_garden #kobra #कोबरा pic.twitter.com/bNPBW7dICX
— Kapil Shrimali (@KapilShrimali) July 21, 2025
दरअसल, सेवाश्रम इलाके में स्थित होटल के गार्डन में कबाड़ रखा हुआ था. इस कबाड़ के पीछे से सांप के बच्चे जब बाहर निकलने लगे, तब इसकी सूचना वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर के डॉ. चमन सिंह चौहान को दी गई. सूचना मिलते ही चमन सिंह चौहान मौके पर पहुंचे. उन्होंने जब गार्डन में रखे कबाड़ को हटाया गया, तो उसमें से एक के बाद एक कई कोबरा सांप बाहर आने लगे. इन सभी में एक बड़ा कोबरा था और उसके साथ 18 बच्चे थे. एक साथ कोबरा सांपों के झुंड को देखकर होटल प्रबंधन के भी होश उड़ गए. वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर के चमन सिंह चौहान ने सभी सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू किया. इसके बाद उन्हें जंगल में छोड़ दिया.
सांपों को रेस्क्यू करने वाले चमन सिंह चौहान ने बताया कि कोबरा सांप एक बार में 12 से 20 अंडे देता है. होटल के गार्डन में मिले कोबरा के यह बच्चे कुछ ही दिन पहले अंडों में से निकले हैं, ऐसा लग रहा है. चमन सिंह ने यह भी कहा कि गनीमत रही कि बड़े कोबरा ने किसी बच्चे को नुकसान नहीं पहुंचाया, क्योंकि आमतौर पर यह सुनने में आता है कि कोबरा सांप ही अपने बच्चों को खा जाता है. हालांकि यहां देखने को मिला कि कोबरा सांप ने अपने बच्चों का ध्यान रखा और सभी 18 बच्चे सुरक्षित रेस्क्यू किए गए.
