आशीर्वाद की जगह मिली मौत, हत्यारों ने नए जोड़े को गोलियों से भूना, दिल दहला देगा “ऑनर किलिंग” का यह VIDEO
सांकेतिक तस्वीर
आशीर्वाद की जगह मिली मौत, हत्यारों ने नए जोड़े को गोलियों से भूना, दिल दहला देगा “ऑनर किलिंग” का यह VIDEO
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक नवविवाहित जोड़े की ऑनर किलिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि दिनदहाड़े एक युवक और युवती को बेहद नज़दीक से गोली मार दी जाती है, जबकि कई लोग घटनास्थल पर मौजूद रहते हैं. किलर्स ने शूटआउट भी फिल्माया है. इस घटना ने पूरे पाक में गुस्से की लहर दौड़ा दी है. पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है और 9 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
Pakistan: A horrifying video from #Balochistan shows the honor killing of Zark and Sheetal, shot by an Islamic mob for marrying by choice.
Sheetal’s last words, “Only shooting is allowed,” expose our society’s brutality.
Are we complicit by staying silent?
Please REPOST pic.twitter.com/2PDPLrIB9y
— Faraz Pervaiz (@FarazPervaiz3) July 20, 2025
यह भयावह हत्या बलूचिस्तान के डिघारी ज़िले में हुई. वीडियो में नजर आता है कि कुछ लोग पिकअप ट्रकों में पहाड़ी इलाके में आते हैं. वहां एक युवती खुद को कानूनी तौर पर विवाहित बताती है और स्थानीय भाषा में कहती है, “आओ, मुझसे सात कदम चलो, फिर मुझे गोली मारना.” हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह बात उसने किस संदर्भ में कही थी.
इसके बाद एक व्यक्ति उसे तीन गोलियां मारता है और वह ज़मीन पर गिर जाती है. फिर वही हमलावर और एक दूसरा शख्स मिलकर उसके पति को भी गोलियों से भून देते हैं. वीडियो में अंत में दोनों खून से लथपथ ज़मीन पर पड़े दिखाई देते हैं.
मारे गए नवविवाहित जोड़े की पहचान बानो बीबी और अहसान उल्लाह के रूप में हुई है. परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी करने पर उनकी यह निर्मम हत्या की गई. चौंकाने वाली बात यह रही कि परिवार के किसी भी सदस्य ने इस हत्या की सूचना पुलिस को नहीं दी. स्थानीय पुलिस के अनुसार, हत्या एक कबीलाई नेता सरदार सतकजई के आदेश पर की गई थी. यह आदेश लड़की के भाई की शिकायत पर दिया गया, जो इस विवाह से नाराज था.
इस मामले में बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफ़राज़ बुगती ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने बताया कि अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें लड़की का भाई और कबीलाई सरदार भी शामिल हैं. बाकी 9 फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
