“…….लेकिन ये मेरा भ्रम निकला…”, एयर इंडिया पर भड़के शिवराज सिंह चौहान, क्या है यह मामला?

Shivraj Singh Chouhan_800x517
The Hindi Post

नई दिल्ली | केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एयर इंडिया की खराब सर्विस पर नाराजगी जताई है. भोपाल-दिल्ली फ्लाइट में टूटी सीट मिलने पर उन्होंने एयरलाइन की खराब सर्विस की निंदा की.

शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा, “आज मुझे भोपाल से दिल्ली आना था, पूसा में किसान मेले का उद्घाटन, कुरुक्षेत्र में प्राकृतिक खेती मिशन की बैठक और चंडीगढ़ में किसान संगठन के माननीय प्रतिनिधियों से चर्चा करनी है.

मैंने एयर इंडिया की फ्लाइट क्रमांक AI436 में टिकिट करवाया था, मुझे सीट क्रमांक 8C आवंटित हुई. मैं जाकर सीट पर बैठा, सीट टूटी और अंदर धंसी हुई थी. बैठना तकलीफदायक था.

जब मैंने विमानकर्मियों से पूछा कि खराब सीट थी तो आवंटित क्यों की? उन्होंने बताया कि प्रबंधन को पहले सूचित कर दिया था कि ये सीट ठीक नहीं है, इसका टिकट नहीं बेचना चाहिए. ऐसी एक नहीं और भी सीटें हैं.

सहयात्रियों ने मुझे बहुत आग्रह किया कि मैं उनसे सीट बदल कर अच्छी सीट पर बैठ जाऊं लेकिन मैं अपने लिए किसी और मित्र को तकलीफ क्यों दूं, मैंने फैसला किया कि मैं इसी सीट पर बैठकर अपनी यात्रा पूरी करूंगा.

मेरी धारणा थी कि टाटा प्रबंधन के हाथ में लेने के बाद एयर इंडिया की सेवा बेहतर हुई होगी, लेकिन ये मेरा भ्रम निकला.

मुझे बैठने में कष्ट की चिंता नहीं है लेकिन यात्रियों से पूरा पैसा वसूलने के बाद उन्हें खराब और कष्टदायक सीट पर बैठाना अनैतिक है. क्या ये यात्रियों के साथ धोखा नहीं है?

क्या आगे किसी यात्री को ऐसा कष्ट न हो, इसके लिए एयर इंडिया प्रबंधन कदम उठाएगा या यात्रियों की जल्दी पहुंचने की मजबूरी का फायदा उठाता रहेगा.”

मालूम हो कि एयर इंडिया का अधिग्रहण टाटा ग्रुप की ओर से 2022 में किया गया था. तब से टाटा ग्रुप द्वारा एयरलाइन का कायाकल्प किया जा रहा है.

बीते साल दिसंबर में एयर इंडिया ने 100 अतिरिक्त यात्री विमानों का ऑर्डर एयरबस को दिया था. इसमें 10 वाइडबॉडी ए350 और 90 नैरोबॉडी ए321नियो सहित ए320 एयरक्राफ्ट शामिल थे.

एयर इंडिया ने कहा था कि 2023 में एयरबस को कुल 250 विमानों का ऑर्डर दिया गया था. इसके अलावा एयर इंडिया ने 2023 में बोइंग को 220 वाइडबॉडी और नैरोबॉडी विमानों का ऑर्डर भी दिया था.

 

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!