12 मोबाइल, विदेशी सिक्के, बाइक, गहने…, भिखारी की दौलत देख दंग रह गई पुलिस
बिहार के मुजफ्फरपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला भिखारी के घर दबिश देने पर पुलिस हैरान रह गई. पुलिस को महिला के घर से तमाम कीमती चीजें बरामद हुई हैं. मामला जिले के करजा थाना इलाके के मड़वन भोज का है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस एक चोरी हुई रेसिंग बाइक की तलाश में महिला के घर पहुंची थी. रेड के दौरान पुलिस को महिला के घर बाइक के साथ सोने-चांदी के गहने, श्रृंगार का सामान, एक दर्जन के करीब मोबाइल और कुवैत के सिक्के समेत एक ईस्ट इंडिया कंपनी का लोगो लगा हुआ सिक्का भी मिला.
महिला की पहचान नीलम देवी के रूप में हुई है. महिला ने पुलिस को बताया कि वह मच्छरदानी बेचने और भीख मांगने का काम करती है. इस दौरान वह घरों की रेकी करके अपने दामाद को जानकारी देती थी. इसी जानकारी के आधार पर दामाद घरों से कीमती सामान पार कर देता था. महिला ने यह भी बताया कि सारा सामान उसका दामाद चुटुक लाल चुरा कर लाया था.
इस मामले पर जानकारी देते हुए एसपी (ग्रामीण) विद्या सागर ने बताया, “मामला दर्ज कर महिला को जेल भेजा गया है. आरोपी दामाद की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद और भी बातों का खुलासा होगा. पुलिस इस बात की जानकारी भी जुटा रही है कि आरोपी को विभिन्न देशों के सिक्के कैसे मिले और वे इनका करते क्या थे? इसके साथ ही इस बात की भी जानकारी जुटाई जा रही है कि आखिर ये लोग कब से चोरी कर रहे हैं और माल कहां खपाते थे?”
हिंदी पोस्ट वेब पोस्ट
