सैफ अली खान पर हमला करने के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, प्रेस कांफ्रेंस कर किए कई खुलासे, VIDEO
सैफ अली खान पर हमले करने का आरोपी (फोटो: आईएएनएस)
नई दिल्ली | अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने के आरोपी को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि उन्हें आशंका है कि गिरफ्तार शख्स बांग्लादेशी नागरिक हो सकता है.
आरोपी का नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है जो पुलिस के मुताबिक सैफ अली खान के घर पर चोरी करने पहुंचा था. डीसीपी दीक्षित गेडाम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी.
डीसीपी जोन 9 दीक्षित गेडाम ने मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि 16 जनवरी को सुबह 2 बजे अभिनेता सैफ अली खान पर उनके आवास पर हमला हुआ था. इस मामले में FIR दर्ज की गई थी और अब एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसका नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है. उसकी उम्र 30 साल है.
डीसीपी के मुताबिक, “आरोपी चोरी के इरादे से सैफ अली खान के घर में घुसा था. उसे अदालत में पेश किया जाएगा और हिरासत की मांग की जाएगी. “हमें संदेह है कि वह बांग्लादेशी मूल का है, लेकिन फिलहाल हम जांच कर रहे हैं. इस बात का प्राथमिक प्रमाण है कि वह बांग्लादेशी है क्योंकि उसके पास भारतीय दस्तावेज नहीं है. हमें शक है कि आरोपी बांग्लादेशी मूल का है और इसलिए इस मामले में पासपोर्ट अधिनियम से संबंधित धाराएं जोड़ी गई हैं. कोर्ट में आज उसे पेश किया जाएगा और पुलिस कस्टडी की मांग की जाएगी.”
Mumbai, Maharashtra: During a press conference held regarding the attack on actor Saif Ali Khan, DCP Dikshit Gedam says, “At 2:00 AM (January 16), an attack was made on actor Saif Ali Khan’s residence in Bandra Police Station jurisdiction, with the intent of committing robbery…… pic.twitter.com/XqSKNoqPEA
— IANS (@ians_india) January 19, 2025
डीसीपी दीक्षित गेडाम ने आगे कहा, “प्रथम दृष्टया आरोपी बांग्लादेशी है और अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के बाद उसने अपना नाम बदल लिया था. वह अपने वर्तमान नाम विजय दास का उपयोग कर रहा था. वह 5-6 महीने पहले मुंबई आया था. वह यहीं रुका था. कुछ दिनों तक मुंबई और फिर मुंबई के आसपास ही आरोपी एक हाउसकीपिंग एजेंसी में काम करता था.”
बता दें कि अभिनेता सैफ अली खान पर कथित तौर पर हमला करने के आरोप में रविवार तड़के ठाणे से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. पुलिस अब तक 50 से ज्यादा लोगों से पूछताछ कर चुकी है. आरोपी को पकड़ने के लिए 35 टीमें लगाई गई थी.
