“बीजेपी की हिम्मत नहीं हुई …… “, ऐसा क्यों बोले अरविंद केजरीवाल .. किस बारे में ऐसा कहा पूर्व सीएम ने?

Arvind Kejriwal IANS 33 (1)
The Hindi Post

नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार द्वारा महिलाओं को 2,100 रुपये प्रतिमाह दिए जाने और बुजुर्गों का निःशुल्क इलाज कराए जाने जैसी योजनाओं को भाजपा रोकना चाहती है.

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इन योजनाओं की जांच के आदेश पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें किस चीज की जांच होगी. यह हमारी चुनावी घोषणाएं हैं, जिन्हें जांच के नाम पर ये रोकना चाहते हैं. केजरीवाल का कहना है कि भाजपा ने अपने इस कदम से अपनी नियत साफ कर दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली के लोगों को मिलने वाली सुविधाएं रोकना चाहती है.

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस मिलकर आम आदमी पार्टी को रोकने की कोशिश कर रही है. भाजपा की हिम्मत नहीं हुई तो भाजपा ने कांग्रेस के संदीप दीक्षित से उपराज्यपाल को शिकायत करवाई. केजरीवाल ने कहा कि वह इन योजनाओं को रुकने नहीं देंगे और हर हाल में दिल्ली में लागू करवाएंगे. उन्होंने दिल्लीवासियों से दोनों योजनाओं के तहत पंजीकरण करवाने को कहा.

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि सरकार ने दो महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की थी. पहली योजना के तहत महिलाओं को 2,100 रुपये प्रति माह देने और दूसरी योजना के तहत बुजुर्गों को निःशुल्क इलाज देने का वादा किया गया है. दिल्ली के लाखों लोगों ने केवल कुछ ही दिनों में इन योजनाओं के लिए पंजीकरण कराया है, जिससे “भाजपा बुरी तरह बौखला गई है”.

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में भाजपा का एक ही मकसद है – दिल्ली में महिला सम्मान योजना लागू नहीं होने देंगे. सरकार की इस योजना के अंतर्गत महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये दिए जाने हैं. केजरीवाल ने कहा कि भाजपा को वोट दिया तो भाजपा महिलाओं को फ्री बस यात्रा जैसी सुविधाएं बंद कर देगी. निःशुल्क बिजली और निःशुल्क पानी की सुविधा बंद कर देगी. इसके अलावा भाजपा दिल्ली में संजीवनी योजना भी लागू नहीं होने देगी जिसका उद्देश्य बुजुर्गों को नि:शुल्क उपचार देना है.

केजरीवाल का कहना है कि कई लोगों ने उनसे मुलाकात के दौरान बताया कि वे कम वेतन के बावजूद दिल्ली में फ्री बिजली-पानी, स्कूल, स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं के कारण टिके हुए हैं. केजरीवाल ने कहा, “मैं दिल्लीवासियों से कहना चाहता हूं कि अगर दिल्ली में भाजपा को वोट दिया तो वे निःशुल्क बिजली-पानी, स्वास्थ्य, निःशुल्क शिक्षा जैसी व्यवस्थाएं बंद कर देंगे जिससे गरीब लोगों को दिल्ली छोड़कर जाना पड़ेगा.

केजरीवाल ने कहा कि जब वे दिल्ली में अच्छे सरकारी स्कूल बनवा रहे थे तो उस समय भी व्यवधान डाले गए, लेकिन उन्होंने इसके लिए संघर्ष किया और स्कूल बनाएं. ऐसे ही व्यवधान फ्री बिजली, फ्री पानी और फ्री बस यात्रा के दौरान भी डाले गए, लेकिन इन सबको लागू किया गया. केजरीवाल ने कहा कि इसी तरह वह महिलाओं को प्रति माह 2,100 रुपये और बुजुर्गों को निःशुल्क स्वास्थ्य वाली योजनाएं भी लागू करेंगे.

 

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!