अल्लू अर्जुन को बड़ी राहत, हाई कोर्ट से मिली अंतरिम जमानत

Allu Arjun (2)
The Hindi Post

हैदराबाद । हैदराबाद के संध्या थिएटर भगदड़ मामले में अभिनेता अल्लू अर्जुन को तेलंगाना हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई है.

आज सुबह उन्हें गिरफ्तार करके स्थानीय अदालत में पेश किया गया था. कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. उन्हें चंचलगुडा जेल ले जाया गया. वही निचली अदालत के फैसले के खिलाफ तेलंगाना हाई कोर्ट का रुख किया गया था. हाई कोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत दे दी.

इस खबर से अल्लू अर्जुन के प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी खुशी जाहिर की है.

‘पुष्पा 2’ गत 5 दिसंबर को रिलीज हुई थी. इससे ठीक एक दिन पहले यानि 4 दिसंबर को हैदराबाद के संध्या थिएटर में फिल्म की स्क्रीनिंग रखी गई थी. अल्लू अर्जुन पर आरोप है कि बिना कोई जानकारी दिए वह सिनेमाघर पहुंच गए थे। उन्हें देखकर भारी संख्या में पहुंची भीड़ बेकाबू हो गई थी और भगदड़ मच गई थी.

भगदड़ में 35 साल की एक महिला की मौत हो गई थी. महिला का बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया था.

पुलिस ने अल्लू अर्जुन, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर प्रबंधन के खिलाफ बीएनएस की धारा 3(5) के साथ 105 (गैर इरादतन हत्या), 118(1) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया था. अभिनेता को धारा 105 के तहत तीन साल और 118 के तहत 10 साल तक के कैद की सजा हो सकती है.

इस शिकायत को रद्द कराने के इरादे से अल्लू अर्जुन हाई कोर्ट पहुंचे थे. गत 11 दिसंबर को उन्होंने चिक्कड़पल्ली पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर खारिज करने की याचिका दायर की थी लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली थी.

इस मामले को लेकर अल्लू अर्जुन का बयान भी सामने आया था. उन्होंने कहा था कि महिला की मौत दुखद है.

अभिनेता के मुताबिक, “फिल्म की रिलीज पर थिएटर में आना स्वाभाविक है. वह पहले भी कई बार थिएटर में आ चुके हैं, लेकिन ऐसी घटना कभी नहीं हुई.”

IANS/Hindi Post Web Desk

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!