बांग्लादेश की तरह लोग यहां भी पीएम मोदी के घर का करेंगे घेराव, कांग्रेस विधायक का विवादित बयान

Congress (1)
The Hindi Post

बेंगुलरु | कांग्रेस विधायक गुरुपदगौड़ा संगनगौड़ा पाटिल ने बुधवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित बयान दिया. उन्होंने कहा कि जिस तरह कुछ दिनों पहले बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के आवास का घेराव हुआ था, वो दिन दूर नहीं जब लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास का भी घेराव करेंगे.

कांग्रेस विधायक ने आगे कहा, “मौजूदा समय में जो स्थिति बनी हुई है उसके लिए कोई और नहीं बल्कि अमित शाह और पीएम मोदी जिम्मेदार हैं. इन्होंने हमेशा से ही लोगों के हितों को ताक पर रख कर अपने राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति की दिशा में काम किया है. इन्हें कभी भी देश की जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं रहा है. आलम यह है कि आज की तारीख में देश की जनता बीजेपी की शासन प्रणाली से तंग आ चुकी है. आखिर हमने ऐसे लोगों के हाथों में देश का नेतृत्व क्यों सौंप दिया हमें इस पर विचार करने की जरूरत है.”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे यह कहने में कोई हर्ज नहीं है कि इस देश के हालात अब बद से बदतर होते जा रहे हैं. अगर यह सिलसिला यूं ही जारी रहा तो वो दिन दूर नहीं है जब लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास का भी ठीक उसी तरह से घेराव करेंगे जैसे कि आज से कुछ दिनों पहले बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का किया था.”

बता दें कि कांग्रेस विधायक ने यह बयान सिद्धारमैया के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में दिया. उनके इस बयान के बाद राजनीतिक बवाल तेज हो गया है. उनके इस बयान को लेकर बीजेपी कांग्रेस पर हमलावर हो गई है.

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!