नवविवाहिता ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की ले ली जान, शव को घर के आंगन में दफनाया, उस पर लगा दिए पौधे
बिहार के भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र में विवाहेत्तर प्रेम संबंध में एक युवक की हत्या और फिर उसके शव को छिपाने की नियत से घर के आंगन में दफना देने का मामला प्रकाश में आया है. जहां शव दफनाया गया, वहां पौधे भी लगा दिए गए. पुलिस शव को बरामद कर मामले की छानबीन में जुट गई है.
सूचना के मुताबिक, पुलिस ने इतिम्हा गांव में एक घर में दफनाए गए युवक के शव को बरामद किया है. मृतक की पहचान अगिआंव बाजार थाने के तार गांव निवासी मिथुन गिरी (24) के रूप में हुई है.
बताया जा रहा कि पहले मिथुन गिरी हरियाणा के गुरुग्राम में रहकर ट्रक चलाता था. उसकी इतिम्हा गांव की नेहा नाम की लड़की से शादी हुई थी. आरोप है कि मिथुन अपने पत्नी को लाने ससुराल आया था. इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई और शव को घर के आंगन में ही दफना दिया गया.
कहा जा रहा है कि नेहा का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध चल रहा था. पीरो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राहुल सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी ने पूछताछ के दौरान बताया कि सोमवार की रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ था. इसके बाद पति मिथुन गिरी ने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली थी.
राहुल सिंह ने बताया कि नेहा ने स्वीकार किया है कि घटना (मिथुन के फांसी लगा लेने के बाद) के बाद उसने गांव के ही एक युवक को बुलाया और दोनों ने मिलकर उसके शव को घर के आंगन में ही दफना दिया. पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है.
आईएएनएस
