इंडिया गठबंधन में पड़ी दरार? अखिलेश यादव ने कांग्रेस को बताया ‘धोखेबाज’
सीतापुर | लोकसभा चुनाव के लिए बनाया गया विपक्षी दलों का इंडिया गठबंधन अब दरकने लगा है. सपा मुखिया अखिलेश यादव मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस से खासा नाराज हैं. उन्होंने कांग्रेस को ‘धोखेबाज’ बताया है.
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को कांग्रेस पर सीधा हमला बोला. उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस अपने चिरकुट नेताओं से सपा के लिए बयानबाजी न करवाए. अखिलेश ने कांग्रेस को धोखेबाज बताते हुए कहा कि अगर उन्हें पता होता इंडिया गठबंधन विधानसभा स्तर पर नहीं है तो वह कांग्रेस से बात ही नहीं करते. अगर वे (कांग्रेस) कहते हैं कि विधानसभा स्तर पर गठबंधन नहीं है तो हम स्वीकार करते हैं शायद हमें ही कन्फ्यूजन रहा होगा.
यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के मध्य प्रदेश में सपा की कोई हैसियत नहीं है संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी हैसियत क्या है? इंडिया गठबंधन के बारे में वे कितना जानते हैं? क्या बैठकों (इंडिया गठबंधन की बैठकों) में थे.
#WATCH | Sitapur, UP: Samajwadi party leader Akhilesh Yadav says, “The state chief has no authority. He was not there in the meeting held at Patna, Mumbai. What does he know about the INDIA alliance?…These people from Congress are involved with the BJP. If I had known that the… https://t.co/T6DGVrEOZa pic.twitter.com/ov9yHUbQzj
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) October 19, 2023
अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेताओं से अपील है कि वह छोटे नेताओं से इस तरह की बयानबाजी न कराएं. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की मीटिंग में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने रात-रात भर वार्ता की. मध्यप्रदेश में कहां, किस सीट पर सपा जीती, कहां नंबर दो पर रही, यह आंकड़ा लेकर भरोसा दिया कि छह सीटों पर विचार करेंगे. फिर, सपा को एक भी सीट नहीं दी, इसलिए हमने वहां अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है.
उन्होंने इंडिया गठबंधन पर कहा कि अगर यह सिर्फ लोकसभा में है, तो इस पर विचार किया जाएगा. कांग्रेस जैसा व्यवहार सपा के साथ करेगी, उनके साथ वैसा ही किया जाएगा. आजम खान को लेकर सवाल पर कहा कि उनके साथ अन्याय हो रहा है. वह चुप होकर अन्याय सहन कर रहे हैं. भाजपा सरकार जान बूझकर परेशान कर रही है.
By IANS
