UP के बाराबंकी में बहुमंजिला इमारत ढहने से दो की मौत, 10 घायल

building collapses in Barabanki (1)
The Hindi Post

बाराबंकी | उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सोमवार तड़के एक बहुमंजिला इमारत गिर गई. इसके मलबे में दबकर दो लोगों की मौत हो गई है. अभी कई लोगों के फंसे होने की संभावना है. 12 लोगों को बचा लिया गया है. बचाव अभियान चल रहा है.

पुलिस अधीक्षक बाराबंकी दिनेश सिंह ने बताया है कि यह हादसा सुबह करीब तीन बजे हुआ. घटना के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया. लखनऊ से एसडीआरएफ की टीम पहुंच गई है. मलबे से निकाले गए 12 लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया था, इनमें से दो की मृत्यु हो गई है. गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है. अभी तीन लोगों के फंसे होने की जानकारी मिल रही है. बचाव अभियान जारी है.

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि बाराबंकी के थाना फतेहपुर क्षेत्रान्तर्गत कस्बा फतेहपुर में तीन मंजिला मकान गिर गया. इसमें लगभग 15 लोग दब गए. जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और मकान के मलबे से 12 लोगों को निकाल लिया गया. इनमें से 10 लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल बाराबंकी भेजा गया है जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद आठ लोगों को केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया है. दो लोगों की उपचार के दौरान जिला अस्पताल बाराबंकी में मृत्यु हो गयी है तथा दो लोगों का उपचार सीएचसी फतेहपुर में चल रहा है.

एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की टीम मौके पर है. शेष तीन लोग जो अंदर फंसे हैं, उनको निकालने का प्रयास जारी है. कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है. मुख्यमंत्री योगी ने इमारत गिरने से हुए हादसे का संज्ञान लिया है.

मुख्यमंत्री ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं. साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है. उन्होंने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!