मुजफ्फरनगर : छात्र की पिटाई की घटना के बाद स्कूल को बंद करने का आदेश
मुजफ्फरनगर | उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के खुब्बापुर गांव में स्थित नेहा पब्लिक स्कूल को बंद करने को आदेश दिया गया है. सोशल मीडिया पर एक समुदाय विशेष के छात्र की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद ये कार्रवाई की गई है.
शुक्रवार को एक वीडियो सामने आया था. वीडियो में देखा जा सकता है एक महिला शिक्षक एक छात्र को अन्य छात्रों से थप्पड़ लगवा रही है. वीडियो वायरल होने बाद मामले की जांच में पता चला कि स्कूल की मान्यता एक वर्ष पूर्व ही खत्म हो चुकी है.
बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला ने बताया कि वर्ष 2019 में स्कूल ने नर्सरी से कक्षा पांच तक की मान्यता ली थी. मान्यता अंतरिम रूप से तीन वर्ष के लिए दी जाती है. इसकी अवधि 2022 में पूरी हो चुकी है.
इसके बाद प्रबंधन ने मान्यता नहीं ली. बिना मान्यता के संचालित स्कूल को बंद करने का आदेश दिया गया हैं. आगे विभागीय कार्रवाई की जा रही है.
शुक्रवार को सामने आए वीडियो में स्कूल की महिला शिक्षक ने टेबल याद न करने पर बच्चे को उसके सहपाठियों से थप्पड़ लगवाए थे. महिला शिक्षक पर एक समुदाय विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का भी आरोप है.
स्कूल बंद होने के बाद बच्चों का एडमिशन दूसरे स्कूल में कराया जाएगा.
आईएएनएस
