तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को कोर्ट से झटका, पत्नी हसीन जहां को हर महीने देने होगा गुजारा भत्ता

Mohammad Shami and Hasin Jahan (1)

Photo: IANS

The Hindi Post

कोलकाता | कोलकाता की एक अदालत ने भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को उनसे अलग रह रही पत्नी हसीन जहां को 1 लाख 30 हजार रुपये का मासिक गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया है. 1 लाख 30 हजार रुपये में से 50,000 रुपये हसीन जहां के लिए व्यक्तिगत गुजारा भत्ता होगा और शेष 80,000 रुपये दोनों की बेटी के रखरखाव का खर्च होगा जो. बेटी हसीन जहां के साथ रह रही है. कोर्ट ने यह आदेश सोमवार को दिया.

2018 में हसीन जहां ने 10 लाख रुपये के मासिक गुजारा भत्ता की मांग करते हुए अदालत में एक मुकदमा दायर किया था. इस 10 लाख रुपये में से 7,00,000 रुपये उनका (हसीन जहां) व्यक्तिगत गुजारा भत्ता मांगा गया था और शेष 3,00,000 रुपये दोनों की बेटी के रखरखाव में खर्च होंगे – यह कहा गया था.

हसीन जहां की वकील मृगांका मिस्त्री ने अदालत को बताया कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में दाखिल आयकर रिटर्न के अनुसार, मोहम्मद शमी की उस वित्तीय वर्ष में वार्षिक आय 7 करोड़ रुपये से अधिक थी और इस आधार पर 10 लाख रुपये की गुजारा भत्ता की मांग अनुचित नहीं है.

हालांकि, शमी के वकील सलीम रहमान ने दावा किया कि चूंकि हसीन जहां खुद एक पेशेवर फैशन मॉडल के रूप में काम करती है और उनकी स्थिर आय का स्रोत है इसलिए इस उच्च गुजारा भत्ता (10 लाख) की मांग उचित नहीं है.

दोनों पक्षों को सुनने के बाद, निचली अदालत ने मासिक गुजारा भत्ता की राशि 1.30 लाख रुपये तय कर दी. इस पर हसीन जहां ने कोर्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मासिक गुजारा भत्ता की राशि अगर अधिक होती तो उन्हें और राहत मिली होती. इस न्यूज को लिखे जाने तक भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!