हाथियों के झुंड ने किया हमला, युवक ने 90 मिनट तक पेड़ पर बैठ कर बचाई अपनी जान
सांकेतिक तस्वीर (पिक्साबे)
तिरुवनंतपुरम | सुरम्य मुन्नार पर्यटन स्थल के पास अपने खेत में काम करते हुए केरल के एक युवक ने अचानक खुद को जंगली हाथियों के झुंड के बीच में पाया. ऐसे में खुद को बचाने के लिए युवक ने पेड़ का सहारा लिया.
हाथियों के एक झुण्ड को अपनी ओर बढ़ते देख साजी नाम के युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन जल्द ही उसे लगा कि वह ज्यादा दूर नहीं जा पाएगा. उसने अपनी जान बचाने के लिए एकमात्र उपलब्ध विकल्प चुना. वह लंबे यूकेलिप्टस पेड़ पर चढ़ गया और ऊपर जा कर बैठ गया.
हाथियों ने पेड़ को घेर लिया. साजी डर के मरे उस पेड़ पर ही बैठा रहा. जब काफी देर हो गई तो सजी ने लोगों को मदद के लिए आवाज लगनी शुरू कर दी. थोड़ी देर में स्थानीय लोग मौके पर एकजुट हो गए.

करीब 90 मिनट के बाद स्थानीय लोग जंगली हाथियों को भगाने में सफलहो पाए. इतने समय तक साजी पेड़ पर ही बैठा रहा. जैसे ही हाथियों का झुंड चला गया, साजी पेड़ से नीचे उतर आया. उसने लोगों को धन्यवाद कहा.
साजी ने कहा, “मैं अपने खेत पर काम कर रहा था. अचानक हाथियों को अपनी ओर आते देखकर मैं चौंक गया. पहले तो मैं दौड़ा और बाद में मैंने पेड़ पर चढ़ने का फैसला किया. मैं अपनी पूरी ताकत से मदद के लिए चिल्लाया. बाद में सबने आकर मुझे बचा लिया.
इस बीच, चिन्नाकनाल के स्थानीय लोगों ने जंगली हाथियों के खतरे के खिलाफ वन विभाग से निगरानी की मांग की.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
