एक सप्ताह में एक ही शहर में 3 मर्डर, पुलिस के हत्थे चढ़ा सीरियल किलर
प्रतीकात्मक फोटो (फ्रीपिक)
पटना | बिहार की मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक सीरियल किलर को गिरफ्तार किया है. इस सीरियल किलर ने 10 दिनों के भीतर लगातार तीन हत्याओं को अंजाम दिया था. एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी.
मुजफ्फरपुर के एसएसपी राकेश कुमार ने कहा कि इस शख्स ने मोबाइल फोन और कुछ रुपयों के लिए अपराध को अंजाम दिया था. आरोपी लोहे की रॉड, लकड़ी के हथौड़े और अन्य औजारों से मजदूरों और गार्डस को निशाना बनाता था.
सीरियल किलर की पहचान शिवचंद पासवान उर्फ भोलवा के रूप में हुई है. भोलवा ने 30 अप्रैल से 8 मई के बीच अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ पैगंबरपुर इलाके में अपराध को अंजाम दिया था.
तीनों हत्याओं के तौर-तरीके एक जैसे थे. आरोपी ने मजदूरों पर लकड़ी के हथौड़े या लोहे की छड़ से हमला किया था.
एसएसपी राकेश कुमार ने कहा कि तीनों हत्याओं का पैटर्न एक जैसा था. पर पुलिस को यह नहीं पता चल पा रहा था कि मर्डर करने वाला क्राइम क्यों कर रहा था.
“हमने कोल्हुआ पैगंबरपुर इलाके में सिविल ड्रेस में कुछ पुलिसकर्मियों को तैनात किया. हमें पता चला है कि एक महिला सस्ते दामों पर मोबाइल फोन बेच रही थी. कई लोगों ने इस महिला से मोबाइल फोन खरीदा था. स्थानीय पुलिस ने एक शख्स को पकड़ा. इसने भी उसी महिला से मोबाइल फोन खरीदा था. जब हमने मोबाइल फोन की डिटेल की जांच की तो पता चला कि यह फोन कुछ दिन पहले मारे गए मजदूरों में से एक का है.”
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया, “मोबाइल खरीदार ने हमें उस महिला की पहचान बताई जो मोबाइल बेचती थी. जब हमने महिला से पूछताछ की तो उसने खुलासा किया कि वह भोलवा नाम के व्यक्ति से मोबाइल खरीदती थी. तदनुसार, हमने आरोपी (भोलवा) को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
