मुंह में भरे पत्थर और होठों को ग्लू से चिपकाया, 15 दिन के नवजात से रूह कंपाने वाली हैवानियत, फिर….
प्रतीकात्मक इमेज
मुंह में भरे पत्थर और होठों को ग्लू से चिपकाया, 15 दिन के नवजात से रूह कंपाने वाली हैवानियत, कैसे बची जान ?
कहते हैं कि जाको राखे सांईयां, मार सका ना कोय. ठीक ऐसा ही हुआ है राजस्थान के भीलवाड़ा में. राजस्थान के भीलवाड़ा में दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक इलाके के जंगल में 15 दिन का एक नजवात मिला है, जिसके होंठ गोंद से चिपकाया गया था और मुंह में पत्थर भी ठूंसा गया था ताकि बच्चा रोकर किसी का ध्यान ना खींच सके. हालांकि, इन सब के बावजूद बच्चे की जान बच गई. पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है और बच्चे के माता-पिता की तलाश कर रही है.
मामला भीलवाड़ा के मंडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बीजोलिया का है. यहां एक चरवाहा अपने पशुओं को चराने के लिए जंगल जा रहा था. इस दौरान उसने देखा कि एक बच्चा झाड़ियों में पड़ा था. चरवाहे ने बच्चे के पास जाकर देखा तो एक बच्चा पड़ा हुआ था. चरवाहे ने बच्चे के पास जाकर उसकी जांच की तो उसके मुंह को ग्लू से चिपकाया गया था. इसके अलावा बच्चे के मुंह को पत्थर से भर दिया गया था, ताकि बच्चा रोकर किसी को अपनी तरफ ना बुला सके. चरवाहे ने बच्चे के मुंह से पत्थर निकाला और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल पहुंचने के बाद बच्चे का इलाज डॉक्टरों ने तुरंत शुरू कर दिया और अब बच्चे की हालत स्थिर बनी हुई है.
बीजोलिया थाना क्षेत्र में घटना को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने सीता कुंड मंदिर के पास मिले 15 दिन के बच्चे को लेकर जांच करने और माता-पिता की तलाश में जुटी हुई है. इसके साथ ही पुलिस गांवों और हाल में हुए इलाके के सभी प्रसव की जानकारी भी जुटा रही है. इस मामले पर बात करते हुए पुलिस ने कहा कि यह मामला न सिर्फ अमानवीयता का है बल्कि झकझोर देने वाला है. फिलहाल पुलिस इस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है.
