डांडिया नाईट में युवकों ने की लड़की से छेड़छाड़, पिता ने जब किया बीच-बचाव तो दे दिया उनको धक्का, मौत
सांकेतिक तस्वीर
फरीदाबाद (हरियाणा) की एक सोसायटी में डांडिया डांस के दौरान दो युवकों ने एक लड़की के साथ छेड़छाड़ कर दी. लड़की के परिवार ने इसका विरोध किया. सबसे पहले लड़की के भाई ने युवकों को ऐसा करने से टोका. फिर लड़की के पिता ने लड़कों को समझाने की कोशिश की. पहले तो लड़कों ने लड़की के भाई के साथ मारपीट की और फिर उसके पिता को भी धक्का दे दिया. धक्का लगने से लड़की के पिता जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए. जब परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
यह मामला सेक्टर-87 की प्रिंसेस सोसाइटी का है. यहां सोसायटी में डांडिया डांस का कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान वहां मौजूद दो लड़के एक 25 साल की लड़की से उसका मोबाइल नंबर मांगने लगे. परिवार ने जब इस बात का विरोध किया तो बात बढ़ गई और लड़की के पिता को धक्का दे दिया गया जिससे उनकी जान चली गई.
मृतक के परिजनों ने दोनों लड़कों के खिलाफ पुलिस में धक्का मुक्की और मारपीट करने के साथ-साथ बेटी से नंबर मांगने का मामला दर्ज कराया है. पुलिस अधिकारी जमील खान ने बताया कि हमने 52 साल के शख्स की गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है. साथ ही दोनों आरोपी युवकों के खिलाफ लड़की से छेड़छाड़ का भी मामला दर्ज किया गया है. मामले की जांच की जा रही है.
=====================================================
