युवतियों ने एक किलोमीटर पीछा कर बाइक सवार पुलिस वालों से पूछा-हेलमेट कहां है? क्या पुलिस ने की कोई कार्रवाई
गाजियाबाद | गाजियाबाद में स्कूटी सवार युवतियों ने बिना हेलमेट पहने सरकारी बाइक चला रहे पुलिसकर्मियों का करीब 1 किलोमीटर तक पीछा किया और उनका वीडियो बना कर वायरल कर दिया.
स्कूटी से पीछा करते हुए लड़कियां दोनों पुलिसकर्मियों से बार-बार पूछती रहीं आपका हेलमेट कहां हैं, आपने हेलमेट क्यों नहीं पहना हैं और वीडियो रिकॉर्ड करती रही.
वीडियो सामने आने के बाद गाजियाबाद पुलिस हरकत में आई और उसने पुलिस वालों की बाइक का एक हजार रुपए का चालान ऑनलाइन काट दिया.
दरअसल, सोमवार रात दो युवतियां स्कूटी से गोविंदपुरम में घूम रही थीं. इस दौरान उन्हें थाने की मोबाइल फेंटम पर दो पुलिसवाले दिखे, जिन्होंने हेलमेट नहीं पहना हुआ था. इन युवतियों ने दोनों का पीछा करना शुरू कर दिया. पूछा, ‘ओ भइया हेलमेट कहां है?’ ये सुनकर पुलिसवालों ने बाइक की स्पीड तेज कर दी और हूटर बजाना शुरू कर दिया.
गाजियाबाद में स्कूटी सवार युवतियों ने बिना हेलमेट पहने सरकारी बाइक चला रहे पुलिसकर्मियों का करीब 1KM तक पीछा किया और उनका वीडियो बना कर #Viral भी कर दिया। स्कूटी से पीछा करते हुए लड़कियां दोनों पुलिसकर्मियों से बार-बार पूछती रहीं हेलमेट कहां हैं और #Video बनाती रहीं।#ViralVideo pic.twitter.com/3pCthuxzsE
— Vikash Kumar (@kmrvikash11) April 18, 2023
युवतियां भी नहीं रुकी. उन्होंने भी स्पीड तेज करके पुलिसकर्मियों की बाइक का पीछा करना शुरू कर दिया. इन युवतियों ने पुलिसकर्मियों से कहा, “क्या नियम आप पर लागू नहीं होते? क्या नियम सिर्फ पब्लिक के लिए हैं? वायरल वीडियो में दोनों पुलिसकर्मी इन युवतियों से अपना पीछा छुड़ाते नजर आए और आखिरकार बाइक लेकर निकल गए.
कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल होने लगा. इसके बाद गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने इसका संज्ञान लिया और उस बाइक का एक हजार रुपए का चालान काट दिया. ये सरकारी बाइक है और एसएसपी गाजियाबाद के पदनाम पर है.
आईएएनएस
