युवक ने दिया दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम, पत्नी और मां को जिंदा जलाया

Crime Depositphotos_24534333_S (1)

सांकेतिक फोटो: (क्रेडिट: इंग्लिश पोस्ट)

The Hindi Post

रांची | झारखंड के चतरा जिले में दिल दहलाने वाली वारदात हुई है. यहां एक युवक ने अपनी मां और पत्नी को जिंदा जला दिया. वारदात इटखोरी थाना क्षेत्र के पितीज गांव के सुरही बागी मोहल्ला की है.

कुलदीप दांगी ने मामूली विवाद के बाद पत्नी सबिता देवी और मां दिलिया देवी पर केरोसिन छिड़ककर उन्हें आग के हवाले कर दिया. आरोपी कुलदीप फरार है. घटना के पीछे घरेलू विवाद बताया जा रहा है. पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है.

बताया गया कि गुरुवार की रात खाना खाकर कुलदीप दांगी अपने पूरे परिवार के साथ घर में था. रात करीब 11 बजे पड़ोसियों ने कुलदीप के घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनी. मामले की जानकारी के लिए पड़ोसी जब कुलदीप के घर पहुंचे, तो वहां का नजारा दिल दहलाने वाला था.

पड़ोसियों ने बताया है कि कुलदीप की पत्नी तथा मां आग की लपटों से घिरी थी. पड़ोसी बहू और सास को बचाने के प्रयास में लग गए. कुलदीप की पत्नी की तो वहीं मौत हो गई पर उसकी मां को गंभीर हालत में रिम्स में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई.

बताया गया है कि घटना की रात कुलदीप की पांच साल की बेटी दिव्यांशी तथा दो साल का बेटा अमन भी घर में थे. फिलहाल दोनों बच्चे सुरक्षित हैं.

मृतका सबिता देवी के पिता परमेश्वर दांगी ने दामाद कुलदीप दांगी के विरुद्ध इटखोरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही कुलदीप उनकी बेटी के साथ मारपीट और उसे प्रताड़ित करता था. वह कुछ काम नहीं करता था और पत्नी और मां से पैसे मांगकर ऐश करना चाहता था.

इसी वजह से उसके घर में प्रतिदिन झगड़ा होता था और घटना का भी कारण यही हो सकता है. इधर, थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी की खोजबीन में पुलिस जुटी हुई है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!