अंतर्राष्ट्रीय रेफरी जगबीर सिंह का बड़ा दावा, “मैंने बृजभूषण का महिला पहलवानों के प्रति अनुचित व्यवहार देखा है”
भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह (फोटो: आईएएनएस)
नई दिल्ली | भारतीय खेल प्राधिकरण के पूर्व कोच अजीत सिंह ने भारतीय कुश्ती संघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कथित तौर पर “झूठ फैलाने” के लिए अंतर्राष्ट्रीय रेफरी जगबीर सिंह की आलोचना की है.
बजरंग पुनिया, विनेश फोगट और साक्षी मलिक सहित शीर्ष भारतीय पहलवानों ने बृजभूषण के खिलाफ यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है. पहलवान, बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग कर रहे है. फिलहाल दिल्ली पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.
रेफरी जगबीर सिंह ने गुरुवार को दावा किया था कि 2013 और उसके बाद महिला पहलवानों के साथ हुए अनुचित व्यवहार के वह साक्षी रहे हैं. उन्होंने कहा था कि बृजभूषण शरण सिंह पहलवानों के साथ अनुचित व्यवहार किया करते थे.
अब इस पर प्रसिद्ध कुश्ती कोच अजीत सिंह ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, “जगबीर जो कुछ भी कह रहा है वह पूरी तरह झूठ है. मैं जगबीर को तब से जानता हूं जब हम दोनों साथ में एनआईएस में डिप्लोमा कोर्स कर रहे थे. इस बात को 30 साल से ज्यादा का समय हो गया.”
जगबीर जो 2007 से कोच और अंतर्राष्ट्रीय रेफरी हैं, ने कहा था कि उन्होंने कई मौकों पर बृजभूषण के दुर्व्यवहार को अपनी आंखों से देखा है.
अजीत सिंह ने कहा, “अगर बृज भूषण एक आदतन अपराधी है जैसा कि जगबीर कह रहे हैं तो इस धोखेबाज रेफरी ने डब्ल्यूएफआई या साई या मंत्रालय में किसी के पास भी एक भी शिकायत क्यों नहीं की? और जगबीर ने उस समय, वहीं पर इस बात का उल्लेख क्यों नहीं किया? वह एक पहलवान है, कोई उसके सामने एक लड़की को छेड़ रहा है और उन्होंने कुछ नहीं किया?”
“वह वहीं खड़ा रहे और ऐसा होने दिया? या अगर वह इतना डरा हुआ था तो उसे इसका एक वीडियो बनाना चाहिए था, या एक तस्वीर क्लिक करनी चाहिए थी…आजकल हर किसी के पास एक मोबाइल फोन है, हर कोई अब एक पत्रकार है. (एक तस्वीर) क्लिक करना क्या इतना मुश्किल है? लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया क्योंकि कुछ भी नहीं हुआ था. जगबीर और कुछ नहीं बल्कि एक अवसरवादी है ..”
आईएएनएस
